राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में ऊना का दम दिखाएंगे चयनित खिलाड़ी, जिला संघ ने जताया स्वर्णिम प्रदर्शन का भरोसा
बीएचटी न्यूज, ऊना।जिला ऊना बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। अब ये खिलाड़ी जिला हमीरपुर के नादौन में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिला ऊना का प्रतिनिधित्व करते हुए खिताब पर कब्जा जमाने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे।जिला ऊना बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कोमल मलिक ने बताया कि अंडर-19 बॉयज सिंगल्स वर्ग में अनुश राणा, रुद्र, शगुन राणा और अमित का चयन हुआ है, जबकि अंडर-19 बॉयज डबल्स में शगुन राणा–अनुश राणा तथा अमित–रुद्र की जोड़ियां जिला का प्रतिनिधित्व करेंगी।अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स में दृश, काश्वी, वनिता और वंशिका को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। अंडर-19 गर्ल्स डबल्स में दृश–काश्वी की जोड़ी अपनी चुनौती पेश करेगी, जबकि अंडर-19 मिक्स्ड डबल्स में नीतीश एवं उनकी पार्टनर जिला ऊना की ओर से खेलेंगे।मेन्स सिंगल्स वर्ग में अनमोल कालिया, रजत कंग और आदित्य का चयन हुआ है। वहीं मेन्स डबल्स में रजत–आरुष तथा आदित्य–सूर्यांश की जोड़ियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। मिक्स्ड डबल्स में सूर्यांश एवं उनकी पार्टनर भी जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे।डॉ. कोमल मलिक ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीकी कौशल और शानदार खेल भावना का परिचय दिया है। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऊना के खिलाड़ी न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, बल्कि पदक जीतकर जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित करेंगे।उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला बैडमिंटन एसोसिएशन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से ऊना को नई उपलब्धियां दिलाने में सफल होंगे।





























