बंगाणा में 2.5 करोड़ की अतिरिक्त राशि खर्च कर सीवरेज कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा- अनिरूद्ध सिंह ठाकुर
BHT news, ऊना, 31 मई – उपमंडल मुख्यालय बंगाणा में 2.5 करोड रुपए की अतिरिक्त राशि खर्च कर सीवरेज कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा तथा शीघ्र ही इस योजना का लाभ स्थानीय वासियों को मिलना आरंभ हो जाएगा। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ठाकुर ने जिला स्तरीय पिपलू मेले के दूसरे दिन उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देव भूमि हिमाचल प्रदेश मेलों व त्योहारों के लिए विश्वविख्यात है तथा यहां के सीधे-साधे लोग देवी-देवताओं के प्रति विशेष आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सत्ता संभालते ही हिमाचल प्रदेश में विकास को एक नई गति मिली है तथा सभी क्षेत्रों में एक समान विकास हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए स्थानीय विधायक द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। इससे पूर्व उन्होंने पिपलू स्थित नरसिंह मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में आयोजित समारोह में स्थानीय विधायक देवेंद्र भुट्टो ने ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें मेले के इतिहास व सांस्कृतिक महत्व बारे जानकारी प्रदान की। देवेंद्र भुट्टो ने बताया कि पिपलू मेला ऊना, हमीरपुर तथा कांगड़ा जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों के लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है।