शिवसेना की प्रांतीय बैठक 29 को ऊना में
जसवाल, ऊना ( 27 दिसंबर ) शिवसेना बालठाकरे की हिमाचल इकाई की बैठक 29 दिसंबर को विश्राम गृह ऊना में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी शिवसेना के प्रांतीय सचिव भाग सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता शिवसेना बालठाकरे के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष एसडी वशिष्ट करेंगे। बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। भाग सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य मुद्दा अगले चंद महीनों में हिमाचल में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होंगे। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जिला परिषद की सभी सीटों पर शिवसेना बालठाकरे अपने उम्मीदवार उतारने की रणनीति तय करेगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश में शिवसेना के सदस्यता अभियान को गति देने के बारे में भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

































