पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामला दर्ज करके जांच शुरू की
ज्योति भल्ला, नालागढ़ ( 27 दिसंबर) औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत नंगल के गांव में स्थित सिद्धिविनायक सरिया फैक्ट्री में ब्लास्ट होने का मामला सामने आया है। घटना करीबन सुबह 7:30 बजे की बताई जा रही है। जब मजदूर भठी पर काम कर रहे थे तो अचानक भठी उबाली मार गई और एक बड़ा ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने के कारण भठी पर काम कर रहे 5 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। जिनमें से एक मजदूर की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए पहले तो नालागढ़ के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां पर स्थित डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर देखकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीजीआई चंडीगढ़ में अभी चार मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकार सूत्रों की माने तो यहां सबसे बड़ी लापरवाही कंपनी प्रबंधन की ही सामने आ रही है, क्योंकि जिस हिसाब से मजदूरों को सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षा कवच नहीं दिए गए थे जिसके चलते यह हादसा सामने आया है और एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार मजदूर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। अब देखना यही होगा कि पुलिस प्रशासन कंपनी प्रबंधन के खिलाफ क्या कार्रवाई अमल में लाता है।
Share News:
































