जब हमारा समाज, गांव व देश नशे से मुक्त होगा, तभी हम प्रदेश व देश को उन्नति की ओर ले जा सकते हैं
जसवाल, ऊना 29 नंवबर:- नशे के विरुद्ध प्रदेश भर में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत आज एचपी डिफेंस भवन चंद्रलोक कॉलोनी ऊना में एक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से युवाओं को बचाने का दायित्व समाज के प्रत्येक व्यक्ति का है। जब हमारा समाज, गांव व देश नशे से मुक्त होगा, तभी हम प्रदेश व देश को उन्नति की ओर ले जा सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी सरेश शर्मा ने कहा कि आजकल युवा पीढ़ी दिन-प्रतिदिन नशे की दलदल में फंसती जा रही है जो एक चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे। वहीं तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह दयाल ने कहा कि बच्चों के अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों के व्यवहार पर नज़र रखें। व्यवहार से भी पता लगाया जा सकता है कि कहीं बच्चा नशे की गिरफ्त में तो नहीं है।
इस मौके पर जिला न्यायवादी भीष्म ठाकुर ने कहा कि आप एक सेना में भर्ती के लिए अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है तथा अपने परिवार व समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने की प्रेरणा देनी चाहिए। आयुर्वेदिक विभाग से डॉ. जगजीत कौर देहल ने बताया कि योगाभ्यास के बारे में लोगों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस मौके पर कर्नल कुलदीप सिंह, डीपी विशिष्ठ, टेक चंद ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






























