नगर निगम की ओर से करार पर ली गई एक अलीगढ़ की एन.जी.ओ. कर रही कुत्तों की नसबंदी, नागरिकों से अपील-कुत्ते पकडऩे वाली टीम का ना करें विरोध, दे सहयोग
करनाल, 30 अक्तूबर (आशुतोष गौतम) : करनाल में आवारा कुत्तों की नसबंदी का काम शुरू हो गया है, इससे अगले कुछ महीनो में कुत्तों की संख्या में इजाफा नहीं होगा। खास बात यह है कि जिस एन.जी.ओ. को नगर निगम की ओर से नसबंदी का ठेका दिया गया है, वह नसबंदी के साथ-साथ प्रत्येक डॉग को रेबिज का टीका लगाकर वैक्सीनेटिड भी कर रहा है, इसका फायदा यह होगा कि यदि कुत्ता काट भी ले तो उससे होने वाले नुकसान का भय नहीं। कुत्तों की नसबंदी का काम काफी दिनो से लटका था, जो अब सिरे चढ़ गया है। नगर निगम आयुक्त विक्रम ने इस बारे विस्तार से बताया कि अलीगढ़ की एक एन.जी.ओ., दक्ष फाउण्डेशन को कुत्तों की नसबंदी का ठेका दिया गया है। संस्था की टीम में कुशल वेटेरीनरी सर्जन शामिल हैं। इससे पहले भी यह संस्था अलीगढ़, ग्वालियर और उज्जैन नगर निगमो में कुत्तों की नसबंदी का काम सफलतापूर्वक कर चुकी है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए रांवर रोड पर संस्था ने एक जगह किराए पर ली है। कई दिन पहले संस्था के लोगों ने करनाल आकर अपनी तैयारी शुरू की दी थी, पहले ट्रायल किया और अब दो दिन से परोपरली नसबंदी का काम जारी है। संस्था के वेटेरीनरी सर्जन डॉ. विजय सिंह गुर्जर, मेल और फीमेल दोनो की नसबंदी कर रहे हैं। ऑपरेशन के बाद प्रत्येक स्वान को रेबिज का टीका लगा देते हैं, ताकि भविष्य में वह किसी व्यक्ति को काटे तो नुकसान नहीं। नसबंदी का सारा कार्य एनीमल वैल्फेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के स्टैण्डर्ड नॉर्म के अनुसार ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नसबंदी करने वाली संस्था के साथ नगर निगम का एक साल का करार हुआ है। यह कार्य इससे कम अवधि में भी हो सकता है।
कुत्तो की नसबंदी के कार्य को सफल बनाने के लिए निगमायुक्त की नागरिकों से अपील- निगमायुक्त विक्रम ने शहर के तमाम नागरिकों से अपील कर कहा है कि काफी कोशिशों के बाद नगर निगम की ओर से कुत्तो की नसबंदी का काम शुरू करवाया गया है, क्योंकि शहर में आए दिन कुत्तों के आतंक और उनके काटने की घटनाओं से गली-मोहल्लो में दहशत रहती थी, अब इससे निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि गली-मोहल्लो में नागरिक, संस्था की टीम के सदस्यों का कुत्ते पकडऩे के दौरान विरोध ना करें, बल्कि सहयोग करें, तभी काम चलेगा।
































