25 सितंबर को कुटलैहड़ की महिलाएं निकालेंगी जन आक्रोश रैली, बंगाणा भाजपा कार्यालय से एसडीएम कार्यालय तक पहुंचेगा प्रदर्शन
डॉ रणधीर जसवाल, बंगाणा (ऊना)। महिलाओं को हर माह ₹1500 देने की गारंटी के मुद्दे पर कुटलैहड़ में भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के नेतृत्व में 25 सितंबर को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। भाजपा के अनुसार रैली में करीब एक हजार महिलाएं शामिल होंगी। रैली सुबह 11 बजे बंगाणा स्थित भाजपा कार्यालय से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंचेगी।रैली के माध्यम से महिलाओं को चुनावी वादे के तहत ₹1500 प्रतिमाह देने की मांग उठाई जाएगी। भाजपा का कहना है कि 46 माह के हिसाब से प्रत्येक महिला के ₹69 हजार बनते हैं, इसलिए सरकार को इस राशि को लेकर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। महिला मोर्चा एसडीएम के माध्यम से सरकार के नाम मांग-पत्र सौंपकर अपने हक की राशि देने की मांग करेगा।पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि महिलाओं ने सरकार पर भरोसा करते हुए चुनाव के दौरान किए गए वादों पर विश्वास किया था, लेकिन अब पात्रता और दायरे के नाम पर नए नियम सामने लाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने की गारंटी का क्या हुआ और यदि वादा लागू किया जाना है तो 46 माह की लंबित राशि का भुगतान कब और किस रूप में होगा।वादों का हिसाब दे सरकार, जनता को जवाब चाहिए: भुट्टोभुट्टो ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से दस गारंटियों का वादा किया था। अब सरकार को सार्वजनिक रूप से बताना चाहिए कि इनमें से कितनी गारंटियां पूरी हुईं और कितनी केवल घोषणाओं तक सीमित रह गईं। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश रैली महिलाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक माध्यम है और महिला मोर्चा अपने अधिकार की मांग को मजबूती से उठाएगा।हर वर्ग में असंतोष का दावा, ‘मित्र मंडल’ से सरकार चलाने का आरोपभाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश का कर्मचारी, पेंशनर, युवा, किसान, महिला और अन्य वर्ग अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार के कार्यकाल में जनता को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।भुट्टो ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल से नहीं बल्कि ‘मित्र मंडल’ से चल रही है। उन्होंने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी और नकारी सरकार तक करार दिया।25 सितंबर को बंगाणा में जुटेंगी महिलाएंभुट्टो ने बताया कि जन आक्रोश रैली 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे बंगाणा भाजपा कार्यालय से शुरू होगी। महिलाएं रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगी और सरकार के नाम मांग-पत्र सौंपेंगी।उन्होंने कहा कि रैली में ₹1500 प्रतिमाह की गारंटी के तहत 46 माह की ₹69 हजार राशि प्रति महिला देने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। साथ ही सरकार से दस चुनावी गारंटियों का सार्वजनिक हिसाब देने की मांग भी की जाएगी।






























