लड़कों के वर्ग में बंटी कुमार तो वहीं लड़कियों के वर्ग में मुस्कान ने जीता बेस्ट एथलीट का अवॉर्ड
करनाल, आशुतोष गौतम (20 फरवरी ) पं. चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को 41 वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारेाह में अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार रितु दहिया बतौर मुख्यातिथि शरीक हुईं। प्राचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए संयोजक डॉ. विनोद चहल एवं डॉ. यशपाल को बधाई दीं। समापन समारोह का मंच संचालन डॉ. एमएस बागी ने किया। डॉ. निर्मल अत्री ने समापन समारोह में पहुंचने पर मुख्यातिथि का आभार प्रकट किया। लड़कों के वर्ग में बी.ए.एम.सी. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी बंटी कुमार ने तो वहीं लड़कियों के वर्ग में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा मुस्कान ने बेस्ट एथलीट का पुरस्कार हासिल किया। मुख्यातिथि रितु दहिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि वे कड़ी मेहनत करें और उसमें निरंतरता बनाए रखें। केवल टूर्नामेंट को ध्यान में रखकर तैयारी न करें बल्कि हर दिन ग्राउंड पर पसीना बहाएं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से कहा कि वे बिल्कुल भी ना हिचकिचाएं और पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलों में शिरकत करें। साथ ही उन्होंने छात्राओं से यह भी कहा कि वे माता-पिता से अपनी योजनाओं को साझा करें और अपने सपनों के बारे में उन्हें अवगत करवाएं। माता-पिता का भरोसा जीतें और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की तरफ कदम बढ़ाएं।
ये रहे परिणाम:-लड़कियों की 1500 मीटर दौड़ में बबीता पहले स्थान पर, आंचल दूसरे व मुस्कान तीसरे स्थान पर रही। लड़कों की ट्रिप्पल जंप प्रतियोगिता में रोहित ने पहला स्थान, दीपेश ने दूसरा और प्रदीप ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों की 200 मीटर दौड़ में दीपेश पहले स्थान पर, विशाल दूसरे और अंकित तीसरे स्थान पर रहा। लड़कों की चक्का फेंक प्रतियोगिता में दीपेश ने पहला स्थान, अक्षय ने दूसरा और विशाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों की ऊंची कूद प्रतियोगिता में अनिकेत ने पहला स्थान, जयकिशन ने दूसरा और विशाल कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों की लंबी कूद प्रतियोगिता में मुस्कान पहले स्थान पर, पूजा व मनीषा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर और बबीता तीसरे स्थान पर रही। लड़कियों की ऊंची कूद प्रतियोगिता में मुस्कान ने पहला स्थान, अंजलि शर्मा ने दूसरा और आशा ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों की 100 मीटर दौड़ में दीपेश ने पहला स्थान, विशाल ने दूसरा और अनिकेत ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में रूपिन्द्र ने पहला स्थान, मुस्कान ने दूसरा और नीतिक ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों की चक्का फेंक प्रतियोगिता में कीर्ति ने पहला स्थान, रूपिन्द्र ने दूसरा और बबीता ने तीसरा स्थान हासिल किया।