मात्र चंद व्यक्तियों के कहे अनुसार पूर्व में लिखा हुआ फैसला चुनाव प्रभारी द्वारा सुनाया गया
बीएचटी न्यूज, सोलन (31 अक्तूबर) भाजपा कसौली मंडल के चुनाव विवादों में घिर गए हैं और अध्यक्ष पद को लेकर हुए चुनाव में पारदर्शिता को दरकिनार करने और चुनवी प्रक्रिया को लेकर पार्टी के भीतर ही कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इस मामले में कसौली क्षेत्र के अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी के भी गंभीर आरोप लग रहे हैं। बुधवार को प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ राजीव सैजल की अध्यक्षता में और मंडल चुनाव प्रभारी ईश्वर रोहला के नेतृत्व में कसौली भाजपा मंडल के चुनाव संपन्न हुए जिसमें सर्वसम्मति से कपूर सिंह वर्मा को कसौली मंडल भाजपा का अध्यक्ष चुना गया है, लेकिन अब यह चुनाव विवादों में आ गए हैं और कसौली क्षेत्र के भाजपा के ही कार्यकर्ता काफी रोस्ट नजर आ रहे हैं जिसके चलते रोषित कार्यकर्ताओं ने चुनाव के खिलाफ विरोध का बिगुल फूंक दिया है। चुनाव प्रक्रिया के विरोध में लिखा गए पत्र की प्रतिलिपि मीडिया के पास भी पहुंची है । उक्त पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी कसोली मंडल के चुनाव से क्षेत्र के अधिकतर कार्यकर्ता नाराज हैं क्योंकि ना तो मंडल अध्यक्ष और ना ही किसी भी वरिष्ठ नेता द्वारा कार्यकर्ताओं को सूचित किया गया। पार्टी द्वारा नियुक्त चुनाव प्रभारी द्वारा भी कोई भी पारदर्शिता नहीं बरती गई । मात्र चंद व्यक्तियों के कहे अनुसार पूर्व में लिखा हुआ फैसला चुनाव प्रभारी द्वारा सुनाया गया जिसमें उन्होंने मंडल अध्यक्ष की घोषणा भी की । उपस्थित सभागार में काफी वरिष्ठ कार्यकर्ता इससे संतुष्ट नहीं नजर आए तथा इस कार्यवाही का विरोध वहां कार्यकर्ताओं द्वारा सभागार में ही किया गया और चुनाव प्रभारी द्वारा कार्यकर्ताओं की भावनाओं को अनदेखा किया गया जो की पार्टी के लिए शुभ संकेत नहीं है। तीन पंचायतों के सभी कार्यकर्ताओं द्वारा व ग्राम पंचायत पराथा, नारायणी, नेरीकला के उपस्थित 50 कार्यकर्ता इस चुनाव प्रक्रिया से बेहद नाराज हैं क्योंकि इन सभी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। उल्लेखनीय है कि इस पत्र में काफी लोगों द्वारा हस्ताक्षर भी किए गए हैं।





























