स्वच्छता ही सेवा के तहत सैनिक कल्याण विभाग ने किया जागरूक
ऊना 01 अक्तूबर:- जिला सैनिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा सप्ताह के तहत जिला मुख्यालय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों सहित सामान्य नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर 2 अक्तूबर से लगने वाले पूर्ण प्रतिबंध बारे जागरूक किया गया। यह जानकारी आज यहां उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघबीर सिंह ने दी।
इस अवसर पर मेजर रघबीर सिंह ने प्रतिभागियों को प्लास्टिक और पॉलीथीन के प्रयोग को पूर्ण तरह से बंद करना का आहवान किया और अपील की कि वे इस प्रतिबंध को सफल बनाने में प्रशासन व सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक व पॉलीथीन न केवल मनुष्यों के लिए बल्कि पशु-पक्षियों के जीवन के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक व पॉलीथीन नष्ट नहीं होता है जिससे यह हमारे पर्यावरण को दूषित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता ही सेवा सप्ताह तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक आम जनमानस भी इस अभियान में अपनी सहभागिता सनिश्चित न करें। उन्होंने कहा कि यह हम सब का कर्तव्य है कि हम अपने आसपास का वातावरण को स्वच्छ व निर्मल रखें और ऐसी सामग्री के प्रयोग से परहेज करें जिससे पर्यावरण व जीवन को हानि पहुंचती हो। उन्होंने प्रतिभागियों से प्लास्टिक व पॉलीथीन के स्थान पर कपड़े के बैग को अपनी दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।






























