कवारंटाईन केन्द्रों में करवाई जा रही हैं योगाभ्यास एवं ध्यान की क्रियाए
ऊना, 04 अप्रैल: जिला आयुर्वैदिक विभाग ऊना द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से कोरोना वायरस महामारी के तहत एक अनूठी पहल की गई है जिसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी चिन्हित कवारंटाईन केन्द्रों धमान्दरी, बसाल, नंगड़ां व ऊना में योगाभ्यास व ध्यान की क्रियाए करवा रहे है। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ सुशील चंद्र नाग ने दी। डॉ नाग ने बताया कि योगाभ्यास व ध्यान से शरीर को स्वस्थ रखने तथा प्राकृतिक तरीके से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहयोग मिलता है। उन्होंने बताया कि इन क्रियाओं के माध्यम से सकारात्मकता में इजाफा होता है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में गत दिवस कवारंटाईन किए गए लोगों को आयुर्वेदिक क्वाथ जोकि इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता)को बढ़ाता है, भी दिया जा रहा है जिसकी शुरूआत नंगड़ां केन्द्र से की गई है। उन्होंने बताया कि सर्वविदित है कि कोरोना की कोई भी औषधि अभी तक नहीं है। अत: इस रोग से लडऩे के लिए शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए योग, ध्यान व आयुर्वेदिक औषधियां जैसे क्वाथ इत्यदि के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सामाजिक दूरी को अपना कर इस महामारी से लड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि तीन महिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी इस कार्य को बखूबी निभा रहे हैं जो प्रतिदिन प्रात: एवं सायं उक्त केन्द्रों में योगाभ्भ्यास, ध्यान एवं औषधि (क्वाथ) वितरण कर रहे हैं। केन्द्रों में रह रहे व्यक्तियों द्वारा भी इस पहल को काफी सराहा एवं स्वीकार किया जा रहा है।
पूरे जिला ऊना में कर्फ्यू में ढील के आदेश जारी- जिलाधीश ऊना संदीप कुमार ने पूरे जिला में कर्फ्यू में ढील के आदेश दे दिए हैं। यह ढील सुबह 7 बजे से 10 बजे तक राम नगर, अमलैहड़, कुठेड़ा खैरला, नकड़ोह तथा कैलाश नगर ग्राम पंचायतों में भी दी जाएगी। इस दौरान दोपहिया व चार-पहिया वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह ढील आगामी आदेशों तक जारी रहेगी।




























