जिला ऊना से भेजे सभी 10 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव
जसवाल, ऊना (3 अप्रैल)- जिला ऊना से भेजे गए सभी 10 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस बारे में जानकारी देते हुए डीसी ऊना संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह कुल 10 सैंपल जांच के लिए टांडा भेजे गए थे, जिनमें कोरोना का संक्रमण नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि दो सैंपल जमात से जुड़े व्यक्तियों के हैं, जिन्हें क्वारंटीन सेंटर खड्ड में भेजा गया है जबकि बाकी 8 लोगों को होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके अलावा वीरवार को 5 लोगों को खड्ड भेजा गया था जबकि शुक्रवार को 9 लोगों को खड्ड क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। इस तरह खड्ड में अब कुल 16 व्यक्ति को क्वारंटीन सेंटर में है। उन्होंने बताया कि कुठेड़ा खैरला में 11 लोगों को एक मस्जिद में ही क्वांरटीन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नकड़ोह क्षेत्र को सैनिटाइज किया जा रहा है।
पांच पंचायतों को छोड़कर बाकी में कर्फ्यू में छूट
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि आगामी आदेशों तक पांच पंचायतों को छोड़कर जिला ऊना में कर्फ्यू में छूट रहेगी। कर्फ्यू में छूट सुबह 7 से 10 बजे तक तीन घंटे के लिए रहेगी। इस दौरान सभी लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद सकेंगे लेकिन वाहन की आवाजही पर प्रतिबंध रहेगा। जिला ऊना की ऊना, संतोषगढ़ व टकारला सब्जी मंडियों में किसान अपना उत्पाद सांय 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक बोली के लिए रख सकते हैं और व्यापारी प्रात: 5 बजे से 8 बजे तक मंडी से सामान खरीद सकते हैं। इसके अलावा जिला ऊना की रामनगर, नकड़ोह, अमलैहड़, कैलाश नगर व कुठेड़ा खैरला ग्राम पंचायतों में पूर्ण कर्फ्यू जारी रहेगा और वहां पर कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
935 लोग बफर क्वारंटीन सेंटर में
डीसी ने कहा कि जिला ऊना के विभिन्न बफर क्वारंटीन सेंटर में अब 935 व्यक्तियों को रखा गया है। इन व्यक्तियों को रहने के साथ-साथ खाने की सुविधा प्रदान की जा रही है, साथ ही योग का अभ्यास भी कराया जा रहा है।
3 पुलिस कर्मी व 4 मेडिकल स्टाफ होम क्वांरटीन में
उपायुक्त ने बताया कि 3 डॉक्टरों, एक हेल्थ सुपरवाइजर को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रखा गया है। इसके अलावा 3 पुलिसकर्मियों को भी होम क्वारंटीन में रहने को कहा गया है।






























