बोले, पटाखों के शोर से लोगों, पशु पक्षियों और पेड़ पौधों को भी होता है नुकसान
करनाल, आशुतोष गौतम (21 अक्तूबर) दीपावली दीपों का त्योहार है। दीपों के साथ-साथ जब लोग बड़े पटाखे जलाते हैं, तो पटाखों का कुछ पल का मजा वातावरण में जहर घोल देता है। यह बात श्रीराम फूड्स के एमडी प्रमोद सिंगला, कुबेर राईसमिल के एमडी रमेश नारंग, तरावड़ी मार्किट कमेटी सचिव गौरव आर्य, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के ब्लॉकाध्यक्ष शीशपाल गुप्ता व तरावड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र कामरा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है। हमें इसे प्रदूषण का त्योहार बनाने से बचना चाहिए। पटाखों के शोर से न केवल लोगों बल्कि पशु पक्षियों और पेड़ पौधों को भी नुकसान होता है। दूसरी ओर एक बड़ी संपत्ति पटाखों के रूप में जलाकर हम खत्म कर देते हैं। उस रुपये से हम किसी की मदद कर सकते हैं। आजकल हमलोग पेड़ काटकर इमारत खड़ी कर रहे हैं। दीपावली मनाने का अंदाज बदलना चाहिए। हमें मिलकर प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का संदेश लोगों को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटाखों से कई लोग घायल हो जाते हैं। प्रदूषण बढ़ता है। आग लगने की संभावना रहती है। इस बार दीप पर्व पर हमें चीन के सामान का बहिष्कार कर पर्यावरण सुरक्षित दीपावली मनाएं।

































