वीरेंद्र कंवर कृषि मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद जब भी ऊना लौटें तो आते हुए खाद जरूर लेकर आए – ऊना कांग्रेस
जसवाल, ऊना ( 5 अगस्त ) ऊना सदर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र सहोड़ ने हाल ही में कृषि मंत्रालय संभालने वाले वीरेंद्र कंवर पर तंज कसते हुए कहा कि कृषि मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद जब भी ऊना लौटें तो आते हुए खाद जरूर लेकर आएं। उन्होंने कहा कि यदि कृषि मंत्री खाद लाने में नाकाम रहते हैं तो आगामी 9 अगस्त को ऊना दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री किसानों की समस्या को समझते हुए खाद लाने का कष्ट जरूर करें। रविंद्र सहोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार अभी कैबिनेट विस्तार के जश्न से बाहर नहीं निकल पा रही है। जबकि जमीनी सच्चाई यह है कि जिला के किसान खाद की कमी के चलते यहां जूझ रहे हैं। लेकिन न तो सरकार न ही कृषि विभाग उनकी सुध ले रहा है। रविंद्र सहोड़ ने कहा कि ऊना कृषि प्रधान जिला है, जहां हजारों लोग कृषि व्यवसाय से जुड़े हैं और इसी के आधार पर उनकी रोजी-रोटी चलती है। लेकिन यदि कृषि के लिए किसानों को समय पर उपकरण, बीज और खाद ही न मिलें उनका व्यवसाय कैसे टिक पाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर यदि सरकार के मसलों से बाहर निकल पाएं तो एक नजर किसानों पर भी डाल लें। सहोड़ ने कहा कि लंबे समय से किसानों को खाद नहीं मिल रही है। जबकि खरीफ फसलों का सीजन अपने पूरे पीक पर पहुंचने को आया है। ऐसे में यदि कुछ दिन और किसानों को खाद न मिल सकी तो उसके बाद इस खाद का उनके लिए कोई उपयोग नहीं रह जाएगा।

































