कारोना वायरस से बचाव व इसकी रोकथाम के दृष्टिगत आगामी नवरात्रों के दौरान धार्मिक स्थलों पर आयोजित किए जा रहे मेलों तथा अन्य आयोजनों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी- प्रशांत देषटा
Baddi, 16 मार्च ( शांति गौतम) कारोना वायरस से बचाव व इसकी रोकथाम के दृष्टिगत आगामी नवरात्रों के दौरान धार्मिक स्थलों पर आयोजित किए जा रहे मेलों तथा अन्य आयोजनों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इस के लिए विभिन्न टीमें गठित कर नालागढ़ उपमंडल के अलग-अलग सैकटरों में कार्य करेंगी। यह जानकारी एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देषटा ने कोरोना वायरस से बचाव इसकी रोकथाम के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। एसडीएम नालागढ़ ने कहा कि कारोना के विषय में सही जानकारी के साथ किया गया बचाव ही इसका इलाज है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने अपने स्तर कारोना के बारे में आमजन को ज्यादा से ज्यादा सही जानकारी प्रदान करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत सभी होटल संचालक तथा इलाका निवासी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को विदेशों से आए सभी लोगों की सूची उपलब्ध करवाएं ताकि कारोना के विषय में ऐसे व्यक्तियों की गहनता से जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि चीन, हांगकांग, सिंगापुर, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, जापान, वियतनाम, मलेशिया इंडोनेशिया, इटली, ईरान, नेपाल, सपेन, फ्रांस, तथा जर्मन इत्यादि देशों से आए भारतीय अथवा विदेशी नागरिकों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हाल ही में विदेश से वापिस आया कोई व्यक्ति यदि जांच से छूट गया हो तो इस बारे में प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें ताकि स्वास्थ्य कर्मी उनके घर पहुंच कर आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नालागढ़ उपमंडल में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग विश्राम गृह नालागढ़, बीबीएनडीए विश्राम गृह काठा, तथा रामशहर रोड पर स्थित श्रमिक आवास पृथक सुविधायुक्त केंद्र बनाए गए हैं जहां पर भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर कोरोना वायरस संक्रमित रोगियों को उपचार के लिए रखा जा सकता है।
बैठक में कोरोना वायरस के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ के डी जस्सल ने बताया कि सरकार की एडवाइजरी के अनुसार अगर आप स्वस्थ हैं तो आपको मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ के लक्षण हों तो उसे मास्क का प्रयोग करना चाहिए ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त पीडि़त व्यक्ति को चिकित्सक की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। डॉक्टर जस्सल ने बताया कि साबुन से बार बार सही तरीके से 40 सेकेंड तक हाथ धोना, खांसते या छींकते समय अपना मुंह ढक लेना, हाथों से मुंह, नाक, कान तथा आंखों को न छूना कारोना से बचने के प्रमुख उपाय हैं।
बैठक में एसडीएम नालागढ़ ने आमजन से आग्रह किया कि वे यात्रा कम से कम करें तथा भीड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करे। उन्होंने कहा कि लोग कारोना से बचने के लिए सोशल मीडिया द्वारा सुझाए जा रहे और अवैज्ञानिक तौर-तरीकों को अपनाने की बजाय सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे दिशा निर्देशों की अनुपालना करें। उन्होंने लोगों से अपील की कारोना वायरस के विषय में कोई अफवाह न फैलाएं और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। उन्होंने बताया कि कारोना की समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में वांछित सहयोग न करना अथवा इस विषय में अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है। इस अवसर पर तहसीलदार नालागढ़ ऋषभ शर्मा, तहसीलदार बद्दी मुकेश शर्मा, तहसीलदार रामशहर विमला वर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ के डी जस्सल, उप मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश शर्मा, विभिन्न शिक्षण संस्थानों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि गण भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
































