कोरोना दवा कालाबाजारी से जुड़े बद्दी के तार; 3 हजार इंजेक्शन पकड़े, 5 गिरफ्तार
बद्दी,19 अप्रैल (कविता गौत्तम) रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर मचे हाहाकर के बीच बद्दी के दवा उद्योग का नाम इसकी कालाबाजारी में सामने आया है। बद्दी के नामी फार्मा कंपनी के कर्मी सहित 5 लोगों को चंडीगढ़ पुलिस ने गैरकानूनी ढंग से महंगे दामों पर बिना लाइसेंस और परिमट रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बता दें कि रेमडेसिविर इंजेक्शन गंभीर कोरोना वायरस ग्रस्त मरीजों के इलाज में प्रयोग किया जाता है और इस समय देश भर में इसकी किल्लत चल रही है। सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में रविवार को रेमडेसिविर इंजेक्शन की अवैध ढंग से डील हो रही थी। इस सूचना पर ऑपरेशन सेल ने होटल में रेड कर आरोपी को बिना परमिट व लाइसेंस के इंजेक्शन की खरीद-फरोख्त करने पर रंगे हाथों दबोचा। दरअसल बद्दी स्थित दवा कंपनी का एक कर्मचारी होटल में रेमडेसिविर इंजेक्शन के सैंपल लेकर डील के लिए आया था। ऑपरेशन सेल के एएसआइ सुरजीत सिंह, एरिया ड्रग इंस्पेक्टर और सेक्टर-17 थाना पुलिस ने होटल में रेड कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान केरल के 21 वर्षीय अभिषेक पीवी, दक्षिण दिल्ली के सुशील कुमार, मध्य प्रदेश के भोपाल के प्रभात त्यागी, केरल के फिलिप जैकॉब ओक्सिलियम पाला और केपी फ्रांसिस के रूप में हुई है।
बद्दी स्थित दवा इकाई से पकड़ी 3 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन की डोज
चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने जब पांचों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की तो पता चला कि तीन हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन की डील होनी थी। होटल में डील के लिए सिर्फ सैंपल लाए गए थे। ऑपरेशन सेल ने पूछताछ के बाद बद्दी पुलिस और राज्य दवा नियंत्रक प्राधिकरण के ड्रग नियंत्रक को सूचना दे दी है।






























