दो गुटों में बंटी तलाडा पंचायत हां हां और ना ना में फंसा बस ट्राइल
नीना गौतम कुल्लू, 01 नवंबर। जिला कुल्लू की विकासखंड कुल्लू के अंतर्गत आने वाली तलाडा पंचायत में नाबार्ड के तहत बनाई गई 10 किलोमीटर संपागणी-कांढा सड़क मार्ग पिछले 13 वर्षों से बस का इंतजार कर रही है। बता दें कि लोक निर्माण विभाग ने तेरह बरसो बाद उक्त मार्ग को चकाचक कर बस सुविधा के लिए तैयार कर दिया है लेकिन अब दो गुटों में बंटी तलाडा पंचायत के ग्रामीणों की हां हां और ना ना में बस ट्रायल पर ब्रेक लग गई है हालांकि सरकार व विभाग ने उक्त मार्ग को बस ट्रायल के लिए तैयार कर दिया है किंतु ग्रामीणों की आपसी लड़ाई में विभाग व सरकार पसोपेश में फंस गई है। दो गुटों में बंटी तलाडा पंचायत का एक गुट पिछले कई वर्षों से सरकार व विभाग से बस ट्रायल का आग्रह कर रहा हैं वही दूसरा गुट सड़क मार्ग को धारा गांव से टच ना होने तक बस ट्रायल का विरोध कर रहा है जिस कारण अब सरकार व लोक निर्माण विभाग ने भी दो गुटों की लड़ाई मे बस ट्रायल को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। बताते चलें कि लोक निर्माण विभाग ने 4 करोड खर्च कर उक्त मार्ग को बस सुविधा के लिए कड़ी मशक्कत के बाद तैयार कर दिया है लेकिन ग्रामीणों की आपसी लड़ाई ने बस ट्रायल पर रोक लगा दी है। लिहाजा पंचायत के अधिकतर ग्रामीण काफी निराश दिख रहे हैं ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा बस ट्रायल में अंडगा डालना अपने पांव में कुल्हाड़ी मारना जैसा है। उल्लेखनीय है कि पंचायत के दर्जनों गांवों को जोडऩे वाला सपागणी कांढा संपर्क मार्ग पिछले कई वर्षों से एक अदद बस सुविधा के लिए तरस रहा है, बावजूद इसके विभाग कुंभकर्ण की निद्रा में सोया है। लोगों में रोष है कि पिछले 2 वर्षों से लंबित मांग को लेकर ग्रामीण शासन व प्रशासन के द्वारा कई बार दस्तक दे चुके हैं फिर भी उनकी भावनाओं की कदर नहीं की जा रही है। बाहर हाल दो गुटों में बंटी तलाडा पंचायत का बस ट्राइल हां हां और ना ना मैं फस गया है।






























