नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आयुर्वेद विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बददी, 12 दिसंबर(शांति गौतम): नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आयुर्वेद विभाग द्वारा उप मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश शर्मा की अध्यक्षता में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन नालागढ़ उपमंडल मुख्यालय में पुराने राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। नालागढ़ हेरिटेज सोसायटी द्वारा झुग्गी झोंपड़ी वासियों के बच्चों के लिए संचालित बाल विद्या कुंज नामक पाठशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यापकों व अभिभावकों सहित लगभग सौ विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ राजेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने का प्रण लें तथा औरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डॉ राजेश शर्मा ने बच्चों को जीवन में पौष्टिक आहार लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि बच्चे अपने नियमित भोजन में दूध, फल व सब्जियों का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करें तथा जंक फूड से बचें। स्वच्छता के विषय में बोलते हुए डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि सभी बच्चे रोजाना अवश्य नहाएं, सुबह- शाम खाने के पश्चात दांतो को नियमित साफ करें तथा खाना खाने से पहले अपने हाथ साबुन से अवश्य धोएं। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग की ओर से बाल विद्या कुंज के बच्चों को फल व बिस्किट भी बांटे गए।
कार्यक्रम के आयोजन के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए डॉ राजेश शर्मा ने बताया की नालागढ़ उपमंडल में सभी चौंतीस आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में नशा निषेध तथा पोषाहार के विषय में लोगों को जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से नालागढ़ उपमंडल में लगभग एक हजार लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, स्वच्छता तथा पोषाहार के विषय में जागरूक किया गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह नगर कार्यवाहक राकेश कुमार, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संदीप शर्मा, बाल विद्या कुंज के अध्यापक तथा अभिभावक गण भी उपस्थित थे।































