जसवाल , ऊना, 10 अक्तूबर: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 1 नवंबर को जिला के 1,60,606 बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ऊना अरिंदम चौधरी ने आज यहां जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि एल्बेंडाजॉल एक सुरक्षित व असरदार दवा है जो एक से 19 वर्ष के बच्चों को स्कूलों में निशुल्क दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी यह दवा बच्चों की दी जाएगी। इसके अतिरिक्त आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से झुग्गी-झोंपडियों में जाकर प्रवासियों को एल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी, ताकि वह भी स्वस्थ बन सकें।
उन्होंने बताया कि जिला के विभिन्न सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों व युवाओं को यह दवा संस्थान के अध्यापकों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग व निगरानी में खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पांच वर्ष तक के बच्चों को यह दवा आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जबकि शिक्षण संस्थानों में संबंधित संस्थान के अध्यापकों की देखरेख में खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जो बच्चे स्कूलों से बाहर होंगे उन्हें आशा कार्यकर्ता के माध्यम से यह दवा खिलाई जाएगी।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा सोमा देवी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र नाग, जिला पंचायत अधिकारी रमण कुमार शर्मा, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संदीप कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अत्री, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी रामपाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. ऋचा कालिया और क्षय रोग कार्यक्रम समन्वयक गुलशन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।






























