1486 हिमाचली गोवा से घर वापस पहुंचे, तालियों से स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत
जसवाल, ऊना (15 मई)- जोरदार तालियां और चेहरे पर घर वापसी की खुशी। कुछ ऐसी ही तस्वीर आज ऊना रेलवे स्टेशन पर दिखी, जब लॉकडाउन के बीच गोवा में फंसे 1486 हिमाचली ट्रेन के माध्यम प्रातः सात बजे से ऊना पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर तैनात सभी कर्मचारियों ने जोरदार तालियों से यात्रियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उपायुक्त ऊना संदीप कुमार, एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, एडीसी अरिंदम चौधरी, एएसपी विनोद धीमान सहित प्रशासन के अधिकारी रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहे। उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने कहा कि आज कुल 1486 यात्री ऊना पहुंचे हैं, जिनमें से 397 कुल्लू, मंडी से 415, शिमला से 80 यात्री, किन्नौर से 1, लाहौल स्पिति से 2, चंबा से 128, कांगड़ा से 322, सिरमौर से 20, हमीरपुर से 53, सोलन से 37, ऊना से 7 तथा बिलासपुर से 24 यात्री शामिल हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जिलावार उतारा गया, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन हो सके और इसके बाद एचआरटीसी की बसों में बिठाकर उन्हें उनके जिलों को रवाना किया गया। यात्रियों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने से लिए दो अलग-अलग मार्ग बनाए गए थे। दोनों ही मार्गों पर यात्रियों के हाथों को सैनिटाइज किया गया, थर्मल स्कैनर से स्क्रीनिंग की गई और उन्हें खाने की सामग्री तथा पानी की बोतलें प्रदान कर गंतव्यों की ओर रवाना किया गया। सबसे पहले कुल्लू जिला के यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर उतारा गया और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करते हुए स्थापित किए गए हेल्पडेस्क की ओर लाया गया। इसके बाद लाहौल-स्पिति, मंडी, शिमला, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर तथा ऊना के व्यक्तियों को रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। गोवा से लाए गए ऊना निवासियों को संस्थागत क्वारंटीन में रखा जाएगा और उनके कोरोना सैंपल लिए जाएंगे। टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आने के उपरांत यात्रियों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। डीसी ने बताया कि अभी महाराष्ट्र व चेन्नई से भी ट्रेनें आएंगी, जिसके लिए जिला प्रशासन तैयार है। उन्होंने कहा कि जो लोग वापस हिमाचल आना चाहते हैं, वह covid19epass.hp.gov.in लिंक पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ई-पास ही रेल टिकट के तौर पर मान्य होगा और प्रदेश सरकार इसका खर्च वहन कर रही है।
डीसी संदीप कुमार ने संभाला मोर्चा- ट्रेन से यात्रियों को उतारते हुए उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाले रखा। जहां उन्होंने यात्रियों का हौसला बढ़ाया, वहीं प्लेटफॉर्म पर तैनात कर्मचारियों से भी वह लगातार बातचीत करते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। डीसी ने यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग से लेकर उन्हें प्रदान की जा रही खाने-पीने की सामग्री की व्यवस्था को भी जांचा। साथ ही बेहतर समन्वय के लिए वह व्यवस्था में तैनात अपने सहयोगी अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत करते रहे।
राधा स्वामी सत्संग घर के सहयोग से बांटा खाना- डीसी ऊना संदीप कुमार ने बताया कि यात्रियों व रेलवे स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को खाने के 2100 पैकड पैकेट प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि इस बारे खाने की व्यवस्था में राधा स्वामी सत्संग घर ने सहयोग किया था। भदसाली सत्संग घर 35 स्वयंसेवकों ने खाना तैयार करने से लेकर पैकिंग तक में जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग दिया, जिसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने विशेष रूप से सत्संग घर भदसाली के सचिव गुरमुख सिंह का भी धन्यवाद किया।
जय राम ठाकुर जी का धन्यवाद, आज दो महीने बाद घर पहुंच कर मिला सुकून- देवभूमि हिमाचल वापस आने की खुशी गोवा से आई ट्रेन में सवार हर यात्री के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी। पालमपुर की रहने वाली एक महिला ने बताया कि दो महीने से गोवा में लॉकडाउन के चलते फंसे हुए थे और आज घर वापस आकर सुकून मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के वह दिल से आभारी हैं, जिन्होंने संकट की इस घड़ी में उनकी मदद की और उन्हें घर वापस लाने के लिए प्रयत्न किए। ऊना रेलवे स्टेशन पर काफी अच्छे इंतजाम हैं और कहीं कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई।
































