70 रोगियों के नेत्रों की जांच कर बांटे मुफत चश्मे व दवाईयां
बददी, 25 जनवरी (शांति गौतम) मल्होत्रा सुपरस्पैशिलिटी अस्पताल भटौली कलां के प्रांगण में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आंखो के निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कैंप में बददी बरोटीवाला व भटौली के आसपास के 70 लोगों की आंखों की जांच डा. दिनकर मित्तल ने की। इसके अलावा जिन लोगों को चश्मे व दवाईयों की जरुरत थी उनको यह निशुल्क वितरित किए गए। डा. दिनकर मित्तल ने बताया कि आज के कैंप के दौरान आंखों की समस्त बीमारियों का इलाज किया गया वहीं काले मोतिए व सफेद मोतिए का चैकअप भी किया गया। इसके अलावा ईसीजी, ब्लड शुगर खून के समस्त टैस्ट भी किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा मुकेश मल्होत्रा ने की वहीं पार्षद संदीप सचदेवा विशेष तौर पर उपस्थित हुए। बाद में अपने संबोधन में डा. दिनकर मित्तल ने कहा कि आंखो की बीमारियां इसलिए लग रही हैं कि क्योंकि हम बहुत ज्यादा मोबाईल व टीवी का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होने कहा कि हमें हर हालत में शूगर कंट्रोल करना ही होगा और बुजुर्ग अपनी सेहत की छह माह में जांच अवश्य कराएं। हरी सब्जी व सलाद अधिक खाने से ही शूगर कंट्रोल रह सकती है।































