कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी से पूछा कब पूरी होगी हिमाचल की जनता को दी हुई गारंटियां
बीएचटी न्यूज,ऊना। कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच भाजपा विधायक एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार मिलने के बाद कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करने के बजाय चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि देश में ईवीएम के जरिए मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद फर्जी वोटिंग और बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार बैलेट पेपर से चुनाव करवाने की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसा इसलिए चाहती है ताकि चुनावी प्रक्रिया में पुराने समय की अनियमितताओं की गुंजाइश दोबारा पैदा हो सके। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। विधायक सतपाल सत्ती ने हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के प्रदेश दौरे और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले अपनी ही सरकार से जनता से किए गए वादे पूरे करवाने चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने और युवाओं को 5 लाख रोजगार उपलब्ध करवाने सहित कई बड़ी गारंटियां दी थीं। अब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और नेताओं को जनता के बीच जाकर यह बताना चाहिए कि इन गारंटियों को कब तक पूरा किया जाएगा। विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और सड़कों पर राजनीतिक प्रदर्शन करने के बजाय हिमाचल की जनता से किए गए वादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से चुनावी गारंटियों को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम देखना चाहती है।































