विश्वविद्यालय में कयाकिंग-कैनोइंग कोच की नियुक्ति की मांग, वैज्ञानिक प्रशिक्षण से खिलाड़ियों को खेलो इंडिया से वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स तक पहुंचाने पर जोर
बीएचटी न्यूज,ऊना: हिमाचल प्रदेश में जल खेलों की अपार संभावनाओं के बीच क्याकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देने की आवश्यकता सामने आई है। पूर्व डिप्टी डायरेक्टर राकेश वालिया ने पौंग झील में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।प्रतिभा को चाहिए सही प्रशिक्षण और मजबूत व्यवस्थाराकेश वालिया ने हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री एवं संबंधित विभाग से आग्रह किया कि विश्वविद्यालय स्तर पर क्याकिंग एवं कैनोइंग के लिए योग्य विशेषज्ञ कोच की नियुक्ति और वर्षभर वैज्ञानिक प्रशिक्षण की स्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने जोर दिया कि खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी तकनीक, फिटनेस, सहनशक्ति और रेस रणनीति को विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। कॉलेज से अंतरराष्ट्रीय मंच तक हो खिलाड़ियों का सफर मानसी राणा कन्या महाविद्यालय ऊना की खिलाड़ी छात्रा मानसी राणा का कहना है कि बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था से खिलाड़ियों को खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स तथा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों के लिए तैयारी करने का अवसर मिल सकता है। इसके लिए निर्धारित पात्रता, चयन प्रक्रिया और क्वालिफिकेशन मानदंडों के अनुरूप खिलाड़ियों को तैयार करना आवश्यक है।































