ऊना जिले की एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता बनी बारिका– हिमाचल की पहली अंडर-14 राष्ट्रीय पदक विजेता महिला पहलवान के रूप में भी मिल चुका है सम्मान
बीएचटी न्यूज,ऊना। कुल्लू जिले के भुंतर में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल की होनहार कुश्ती खिलाड़ी बारिका ने स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल और जिला ऊना का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में ऊना जिले की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाली बारिका एकमात्र खिलाड़ी रही। उनकी इस शानदार उपलब्धि से स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल में खुशी का माहौल है। बारिका ने अपनी मेहनत, लगन और कुश्ती के प्रति समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल कर स्कूल और जिले को गौरवान्वित किया है।बारिका की खेल उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने तथा हिमाचल प्रदेश की पहली अंडर-14 राष्ट्रीय पदक विजेता महिला पहलवान बनने के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता प्रदेश की अन्य युवा महिला पहलवानों के लिए भी प्रेरणादायक है। स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने बारिका को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बारिका ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास से यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।धीरज शर्मा ने कहा कि स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। स्कूल प्रबंधन का प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने बारिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर स्कूल, जिला ऊना और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।































