कहा, इंसाफ के लिए एक नहीं अनेक बार राजनीति करेगी भाजपा, मृतक के परिजनों को मिले 50 लाख का मुआवजा, माफी मांगे डॉक्टर बीएचटी न्यूज, ऊना: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को ऊना में पत्रकार वार्ता करते हुए जिला भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने कहा कि अरनियाला निवासी रीना की मौत नहीं, बल्कि डॉक्टर प्रियंका द्वारा हत्या की गई है। उन्होंने मांग की कि डॉक्टर प्रियंका को केवल निलंबित करने के बजाय सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही पीडि़त परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई। पत्रकार वार्ता में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रीना के परिजन भी मौजूद रहे।विनय शर्मा ने कहा कि जच्चा-बच्चा की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने डॉक्टर प्रियंका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल निलंबन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रीना की मौत के लिए डॉक्टर प्रियंका जिम्मेदार हैं और उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ सरकारी डॉक्टर ड्यूटी के समय प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे थे, जिससे मरीज परेशान हुए। इस दौरान पीडि़त परिवार को आतंकवादी करार देने जैसी टिप्पणी की गई। उन्होंने संबंधित डॉक्टरों से अपने शब्द वापस लेने और परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी परिवार ने अपने परिजनों को खोया हो तो उसके दुख को समझना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने डयूटी टाइम में पत्रकार वार्ता करने पर भी सवाल उठाएं। उन्होंने रीना के परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। विनय शर्मा ने कहा कि परिवार को इस मुश्किल समय में आर्थिक सहयोग मिलना चाहिए और सरकार को मुआवजे के मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ पीडि़त परिवार की मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं की ओर से मामले को राजनीतिक रंग देने के आरोपों पर पलटवार करते हुए विनय शर्मा ने कहा कि विधायक सतपाल सत्ती के कहने पर भाजपा रीना के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने और उसकी मांगों को उठाने को राजनीति कहा जाता है तो भाजपा ऐसी राजनीति बार-बार करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य पीडि़त परिवार को न्याय दिलाना, जिम्मेदारी तय करवाना और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग उठाना है। *एफआईआर को लेकर भी उठाए सवाल*जिला भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने राहुल गांधी का पुतला फूंकने के मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विनय ने कहा कि कुछ दिन पहले ऊना सदर के पूर्व कांग्रेस विधायक ने देश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका था, लेकिन उस समय पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके विपरीत, राहुल गांधी का पुतला जलाने के मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुतला जलाने पर कार्रवाई की जानी है, तो नियम सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने की नसीहत देते हुए कहा कि कानून के पालन में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। विनय शर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का काउंटडाउन शुरू हो गया है।































