बोले—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित
डॉ रणधीर जसवाल,ऊना। भारतीय जनता पार्टी के सभी 25 प्रकोष्ठों की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को ऊना स्थित भाजपा कार्यालय दीप कमल में आयोजित की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संगठन की मजबूती, समाजसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित के मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएं और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ें। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि मजबूत हुई है और देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, समर्पण, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के सेवा भाव से प्रेरणा लेते हुए राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। डॉ. बिंदल ने चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अनुकूल परिणाम मिलने पर कांग्रेस इन संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाती, जबकि अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने बिहार, असम और पश्चिम बंगाल के संदर्भ में भी कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी वोट बैंक की राजनीति के चलते इस विषय पर उचित रुख नहीं अपनाती। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होने चाहिए तथा इन मुद्दों पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। डॉ. बिंदल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर राष्ट्रहित, सुशासन और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद करें। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संपर्क मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।































