राजेश ठाकुर और चैतन्य शर्मा के बीच टिकट की जंग, पिछले उपचुनाव में भितरघात के आरोपों से पार्टी की मुश्किलें बढ़ीं
2027 के चुनाव से पहले ही भाजपा में गुटबाजी के संकेत, उपचुनाव की हार के बाद भी नहीं थमी अंदरूनी खींचतान
डॉ रणधीर जसवाल, गगरेट: हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। लेकिन गगरेट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की स्थिति कुछ ऐसी नजर आ रही है कि कांग्रेस से मुकाबले की तैयारी बाद में होगी, पहले पार्टी को अपने ही घर में उठ रहे राजनीतिक तूफान से निपटना होगा। पूर्व विधायक राजेश ठाकुर और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे चैतन्य शर्मा के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर खिंचती सियासी रस्साकशी ने पार्टी के भीतर एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।उपचुनाव में हार के बावजूद चैतन्य शर्मा ने गगरेट में अपनी राजनीतिक सक्रियता बनाए रखी है, वहीं पूर्व विधायक राजेश ठाकुर भी अपनी राजनीतिक दावेदारी को लेकर पीछे हटने के मूड में दिखाई नहीं देते। दोनों नेताओं के समर्थकों की अलग-अलग सक्रियता ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भाजपा में आखिर चुनावी नेतृत्व को लेकर सहमति किसके पक्ष में बनेगी?गौरतलब है कि पिछले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा को कांग्रेस के राकेश कालिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। राकेश कालिया भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटे थे और चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उस चुनाव के दौरान भाजपा में कथित गुटबाजी और भितरघात की चर्चाएं भी खूब हुई थीं। राजनीतिक हलकों में यह माना गया कि पार्टी की अंदरूनी खींचतान ने चुनावी समीकरणों को प्रभावित किया। अब 2027 से पहले वही पुराने राजनीतिक समीकरण फिर उभरते दिखाई दे रहे हैं।गगरेट की राजनीति में एक सवाल लगातार चर्चा में है कि क्या भाजपा के भीतर चल रही खेमेबाजी का खामियाजा एक बार फिर पार्टी को भुगतना पड़ सकता है? राजनीतिक गलियारों में इस आशंका को लेकर भी चर्चाएं हैं कि कहीं टिकट की लड़ाई में भाजपा को कमजोर करने की रणनीति पार्टी की सामूहिक चुनावी तैयारी पर ही भारी न पड़ जाए। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों खेमों को एक मंच पर लाने की होगी।टिकट किसी एक नेता को ही मिलेगा, लेकिन असली परीक्षा उसके बाद होगी। सवाल यह है कि टिकट से वंचित रहने वाला दावेदार और उसका समर्थक खेमा पार्टी के फैसले को कितनी सहजता से स्वीकार करेगा? क्या सभी नेता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे या फिर टिकट का विवाद चुनावी अभियान के दौरान भी पार्टी का पीछा करता रहेगा? हम तो डूबेंगे सनम तुमको भी ले डूबेंगे वाली सोच कहीं भाजपा पर भारी ना पड़ जाए। राजेश ठाकुर ने साधी चुप्पी, चैतन्य शर्मा ने किया एकजुटता का दावा – गगरेट में भाजपा की गुटबाजी से किसे नुकसान हो रहा है और क्या पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक है, जब यह सवाल पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर से किया गया तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस मामले में कुछ नहीं बोलेंगे।वहीं, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में गगरेट भाजपा पूरी तरह एकजुट है और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की लड़ाई कांग्रेस और उसकी झूठी गारंटियों के खिलाफ है। कांग्रेस सरकार को जनता सत्ता से बाहर करेगी और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि गगरेट विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा का विधायक जीतकर आएगा।अब सवाल भाजपा नेतृत्व की परीक्षा का है। क्या पार्टी 2027 के चुनाव से पहले गगरेट में टिकट की दावेदारी और खेमों के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान को समाप्त कर एकजुटता का संदेश दे पाएगी? या फिर उपचुनाव में सामने आए अंदरूनी मतभेद एक बार फिर पार्टी की चुनावी रणनीति के केंद्र में रहेंगे? फिलहाल गगरेट में कांग्रेस से ज्यादा चर्चा भाजपा के भीतर चल रहे राजनीतिक समीकरणों की हो रही है।




























