सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने वाला पहला राज्य बने हिमाचलः अनुराग
24 नवंबर को सीएम आएंगे ऊनाः सत्ती
जसवाल , ऊना (2 अक्तूबर)- केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश सिंगल यूज़ प्लास्टिक के इस्तेमाल को बंद करने वाला पहला राज्य बनना चाहिए। यह बात उन्होंने देहलां में एक जनसभा के दौरान कही।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्लास्टिक के इस्तेमाल के भयावह परिणाम सामने आ रहे हैं। इससे मिट्टी की उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो रही है साथ ही इंसान व पशुओं को भी कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक को गलने में 300-500 वर्ष का समय लग जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल में प्लास्टिक मुक्त हिमाचल का अभियान छेड़ा था। प्लास्टिक के इस्तेमाल को प्रतिबंधित किया गया और पर्यावरण के संरक्षण के लिए निशुल्क सीएफएल बल्ब वितरित किए। तत्कालीन प्रदेश सरकार का यह कदम पर्यावरण संरक्षण में मील का पत्थर साबित हुआ है।
अनुराग ठाकुर ने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने का आहवान किया और कहा कि सभी को कम से कम पौधा लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का प्रण भी लेना चाहिए। पेड़ पौधे हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण संरक्षण में मददगार होते हैं। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनानी चाहिए और खेती में रसायनों का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद करना चाहिए।
24 नवंबर को सीएम आएंगे ऊनाः सत्ती
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 24 नवंबर को ऊना आएंगे और करोड़ों रुपए के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। सत्ती ने कहा कि कोई भी अभियान जन भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। ऐसे में सभी को प्लास्टिक मुक्त अभियान से जुड़कर अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।
सफाई कर्मचारियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 15 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नगर परिषद ऊना के दीपक, दिनेश, विनोद, जय भगवान, सन्नी, अमरजीत, राजा, राम मेहर, मिन्टू व संदीप को सम्मानित किया। इसके अलावा मैहतपुर नगर परिषद के करण कुमार, राकेश कुमार, अनु, हरविंदर सिंह व सन्नी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, एपीएमसी चेयरमैन बलबीर सिंह बग्गा, भाजपा जिला महामंत्री यशपाल राणा, उपायुक्त संदीप कुमार, एडीसी अरिंदम चौधरी तथा एएसपी विनोद कुमार धीमान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।































