श्री घण्टाकर्ण देवता के अवतरण दिवस पर विशेष कृपा दिवस शनिवार को
करनाल, आशुतोष गौतम (25 अक्तूबर) महाप्रभावी श्री घण्टाकर्ण महावीर देवता का सम्पूर्ण वर्ष का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कृपा दिवस छोटी दीपावली है, जिसे रूप चौदस कहा जाता है जिस दिन परम्परानुसार उनका अवतरण दिवस 26 अक्तूबर को माना जाता है। इन्द्री रोड स्थित श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मन्दिर में प्रतिष्ठित श्री घण्टाकर्ण महावीर तीर्थस्थान पर मासिक श्रद्धालु संगम रहेगा और देवस्थान दर्शनार्थ सुबह 6 से शाम तक खुला रहेगा। सुबह, दोपहर तथा शाम विशेष आरतियां होंगी। सामूहिक बीजमन्त्र जाप, भजन कीर्तन सुबह से दोपहर तक होगा तथा अंत में बृहद् श्री घण्टाकर्ण स्तोत्र सुनाकर सभी को निहाल किया जाएगा। मन्दिर प्रबन्धन ने सभी श्रद्धालुओं से बिना किसी भेदभाव तथा साम्प्रदायिक आग्रह के इस महत्त्वपूर्ण दिवस पर देवदरबार में उपस्थित होकर दैवी कृपा से अपनी झोलियां भरने, अपने बिगड़े काम संवारने और अभावों को दूर कर नौ निधियों तथा बारह सिद्धियों से सम्पन्न होने का आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया। इस मौके पर भण्डारा भी लगाया जाएगा।































