इंडो इजराईल सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र घरौंडा व आलू उत्कृष्टता केन्द्र शामगढ़ का कृषि मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, नई तकनीक के बारे में किसानो को करें जागरूक
करनाल, आशुतोष गौतम (25 नवंबर) हरियाणा के कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने कहा कि किसान कड़ी मेहनत और लगन से कृषि उत्पादन करता है, लेकिन उन्हें मार्किटिंग की समस्या का सामना करना पड़ता है। किसानो की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए विशेष बल दिया जाएगा, ताकि किसान की आमदनी बढ़े और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 तक किसानो की आय दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। कृषि मंत्री दलाल सोमवार को घरौंडा स्थित इंडो इजराईल सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र का औचक निरीक्षण करने के उपरांत मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने सब्जी उत्कृष्ट केन्द्र द्वारा जिला वासियों को ताजी व बेहतर किस्म की सब्जी उपलब्ध करवाने के लिए तैयार की गई वातानुकुलित मोबाईल रिटेल वैन को झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आज के दौरे के दौरान इस केन्द्र में चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह केन्द्र नई तकनीक से किसानो का उत्पादन बढ़ाने में सक्रिय सहयोग दे रहा है और विभिन्न फसलो विशेष बागवानी मेें नए शोध करके किसानो को प्रशिक्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र के माध्यम से किसानो को टपका सिंचाई सहित कम पानी से फसलों के उत्पादन की तकनीक को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानो के हितो को देखते हुए पहले से चलाई जा रही योजनाओं में विस्तार पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भावंतर भरपाई योजना में सब्जी की दो अन्य फसलों मटर व टमाटर को भी शामिल किया गया है। उन्होंने शामगढ़ में स्थित आलू प्रौद्योगिकी केन्द्र का भी निरीक्षण किया और कृषि वैज्ञानिको द्वारा आलू की कृषि में नई तकनीको के प्रयोग, उत्पादन बढ़ाने के लिए विकसित की जा रही नई किस्मो और इस केन्द्र पर स्थापित आधुनिक प्रयोगशाला की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। मीडिया से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि कृषि क्षेत्र में कार्यरत कोई भी उपक्रम नुकसान की स्थिति में ना रहे और इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों से पूरी व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोली हाऊस स्थापित करने के क्षेत्र में पाई जा रही खामियों को दूर करके किसानो को इसके सही तथ्यों से अवगत करवाया जाएगा, ताकि वे इस नई तकनीक के माध्यम से उत्पादन बढ़ा सकें। पराली जलाने की समस्या से सम्बंधित एक प्रश्र पर श्री दलाल ने कहा कि सरकार आगामी सीजन तक पराली के प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी और इसके लिए किसानो को सहयोग देकर पराली न जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों के प्रश्र पर कहा कि प्रदेश में धान घोटाले को लेकर विपक्ष के लोग आधारहीन ब्यानबाजी कर रहे हैं, वास्तव में इस तरह का कोई घोटाला हुआ ही नही है। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद के माध्यम से खरीदा गया धान शैलर मालिको के पास रखा गया है और सरकार समय-समय पर इसकी जांच करती रहती है। इस अवसर पर प्रेजेन्टेशन के माध्यम से डॉ. दीपक धत्तरवाल व डॉ. सतेन्द्र यादव ने अपने-अपने उत्कृष्ट केन्द्र के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में कृषि मंत्री जे.पी. दलाल को विस्तार से जानकारी दी। इस पर मंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई तकनीक के बारे में किसानो को जागरूक किया जाए। इस मौके पर इन्द्री के विधायक राम कुमार कश्यप, एस.डी.एम. गौरव कुमार व एस.डी.एम. नरेन्द्र पाल मलिक, डीडीए डॉ. आदित्य प्रताप डबास, डीएचओ डॉ. मदन लाल, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण के भाई समर सिंह कल्याण, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द, प्रवक्ता शमशेर नैन, चेयरमैन रमेश बैरागी, सोहन लाल, रोहित भंडारी, कुलदीप सिंह, राजेश पाल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।































