पेंशन संबंधी कुतानावासियों की दिक्कतों का समाधान एक सप्ताह में : डा. चौहान
करनाल, आशुतोष गौतम (25 नवंबर) वर्तमान राज्य सरकार विकास के मामले मे ग्रामीण क्षेत्रों और शहरों के बीच की खाई को पाटने के लिए प्रतिबद्ध है। गाँव मे बस्ने वाले हरियाणवियों को भी अंतत: वे सब आवश्यक सुख-सुविधायें-संसाधन सहजता से उपलब्ध होने ही चाहिए जिनके अभाव मे लोग शहरों की तरफ आकर्षित होते हैं। हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता प्रो वीरेंद्र सिंह चौहान ने गत दिवस क्षेत्र के गाँव कुताना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के समूहिक श्रवण के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के बाद ग्रामवासियों से संवाद मे यह बात कहीं। डा. चौहान ने कहा कि असंध से भाजपा प्रत्याशी की पराजय के बावजूद क्षेत्र के विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर डा. चौहान ने ग्रामवासियों की समस्याएँ सुनीं और विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर ही उनके निपटारे को ले कर चर्चा की। इस कड़ी में ग्रामवासियों और सरपंच बलवान सिंह द्वारा जब बताया गया कि गाँव में बुजुर्गों की दो माह की पेंशन किसी तकनीकी खामी के कारण रुकी हुई है तो ग्रंथ अकादमी उपाध्यक्ष ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से इस संबंध में जवाब तलब किया। विमर्श मे समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पेंशन वितरण के काम में पूर्व में लगी रही निजी कंपनी के कारण आई इस समस्या का जल्द निदान किया जाएगा और वे सोमवार को इस संबंध में चंडीगढ़ जाकर इस मामले में उच्चाधिकारियों का हस्तक्षेप कराएंगे। डा. चौहान ने कहा कि चलने फिरने से अक्षम बुजुर्गों को भी पेंशन के लिए मुनक स्थित ग्रामीण बैंक की शाखा में न जाना पड़े, इसकी भी व्यवस्था की जाएगी। ग्राम पंचायत की तरफ से डा. वीरेंद्र सिंह चौहान को बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मुखी मार्ग से गाँव को जोड़ने वाली सड़क की मुरम्मत के लिए बहुत पहले लिखा गया था मगर इस संबंध मे कार्यवाही अभी लंबित है। सड़क के प्रस्ताव को लेकर संबन्धित कार्यकारी अभियंता आर. के. नैन ने आश्वासन दिया कि इस का एस्टिमेट बना कर प्रदेश मुख्यालय को भेजा हुआ है। डा. चौहान ने कहा कि इस मामले को वे जल्द मुख्यालय पर संबन्धित अधिकारियों के साथ उठाएंगे ताकि सड़क निर्माण/ मुरम्म्त का काम शीघ्र पूरा हो सके। इस से पूर्व उन्होने ग्रामवासियों के साथ बैठ कर रेडियो ग्रामोदय के माध्यम से प्रधान मंत्री का मन-की-बात कार्यक्रम सुना। उसके बाद प्रधानमंत्री द्वारा अपने सम्बोधन में छूए गए विषयों पर ग्रामवासियों के साथ चर्चा भी की। कार्यक्रम में शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में हिन्द की चादर के नाम से विख्यात नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी को भी स्मरण कर श्रद्धांजलि दी गयी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुताना के सरपंच बलवान सिंह, मुनक मंडल के ग्रामोदय संयोजक विशाल विल्वस, बीर सिंह, राम सिंह, मामन राम, किशन लाल, चन्द्र भान, राजेश हुड्डा, रणधीर सिंह व ईश्वर सिंह आदि गणमान्य उपस्थित रहे।































