लौटाए 52 हजार रूपए, ग्राहक ने किया बैंक कर्मी को सम्मानित
करनाल, आशुतोष गौतम ( 12 दिसंबर ) आज जहां हर कोई पैसे के पीछे भाग रहा है और जैसे भी हो पैसा कमाने का जरिया तलाश रहा है। वहीं इस दौर में भी दूसरों की कमाई को पराई अमानत समझने वाले और हक की खाने वाले लोग समाज के सामने उदाहरण पेश करके अपनी ईमानदारी का सिक्का मनवा ही लेते हैं। समाज के लिए सच्ची भक्ति के कार्य करने का जज्बा उनके खून में मौजूद होता है। ऐसी ही ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले बैंक कर्मी को खाताधारक एवं शाखा प्रबंधक की ओर से सम्मानित किया गया। गांव गोगडीपुर की सिंडीकेट बैंक शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत बैंक कर्मी ईश्वर कश्यप ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए जुंडला निवासी खाताधारक सुरेंद्र भंडारी को 52 हजार रूपए की राशि लौटाई। उनकी ईमानदारी की पूरे क्षेत्र में चर्चा है। शाखा प्रबंधक वरूण महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक में कैशियर का काम संभाल रहे ईश्वर कश्यप एक मेहनती और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी है। अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए उन्होंने खाता धारक द्वारा गलती से अधिक दिए गए 52 हजार रूपए लौटाकर मिसाल पेश करते हुए बैंक शाखा का गौरव बढ़ाने का काम किया है। बैंक शाखा में खाता धारक सुरेंद्र भंडारी ने बैंक में कैशियर का पद देख रहे ईश्वर कश्यप को 11 लाख रूपए खाते में जमा करने के लिए दिए। बैंक कर्मी ने पैसे बिना गिने भंडारी को उनके अनुसार भरी राशि की रसीद दे दी। कश्यप ने समय मिलने पर जब पैसे गिने तो उसमें 52 हजार रूपए ज्यादा निकले जिसकी जानकारी उन्होंने सुरेंद्र भंडारी सहित शाखा प्रबंधक को दी। भंडारी ने उनकी ईमानदारी से प्रसन्न होकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके साथ रमेश कांबोज भी मौजूद रहे।































