नगर निगम की डैमोलिशन टीम ने ग्रीन बेल्ट में बने खाना-पानी ढाबे को गिराया, चेतावनी- दोबारा निर्माण किया तो होगी कार्रवाई
करनाल, आशुतोष गौतम( 14 फरवरी ) अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के नगर निगम के अभियान के तहत शुक्रवार को जी.टी. रोड स्थित दाना-पानी होटल के सामने ग्रीन बेल्ट में, खाना-पानी के नाम से बनाए गए ढाबे को निगम की डैमोलिशन टीम ने तहस-नहस कर दिया। इस कार्रवाई में हालांकि विरोध की सम्भावना थी, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे विरोध कर्ताओं की एक ना चली। इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि एन.एच. 44 पर दाना-पानी के सामने एक व्यक्ति द्वारा ग्रीन बेल्ट में खाना-पानी ढाबा बनाया गया था, जो नियमानुसार गलत था। ढाबा मालिक ने इसकी शहरी निकाय निदेशालय से सी.एल.यू. भी मांगी थी, जो रिजेक्ट हो गई थी। यही नहीं विधानसभा की पीटिशन कमेटी में भी मामला गया, लेकिन वहां से भी ढाबे को अस्तित्व में नही रहने देने के आदेश हुए। परिणामस्वरूप आज इसे तोडऩे की कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने बताया कि ढाबे के निर्माण को सभी जगह से अयोग्य पाए जाने के बाद भी इसके मालिक ने इसे चलाए रखा। परिणामस्वरूप उसे नोटिस देकर ढाबा हटाने के निर्देश दिए गए। लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अंतत: इसे गिराने की प्लानिंग बनाई गई। नगर निगम की डैमोलिशन टीम के लिए बीडीपीओ नीलोखेड़ी को ड्ïयूटी मजिस्ट्रेट बनाया तथा एसएचओ सदर के नेतृत्व में पुलिस कर्मियो से भरी 2 बसों को मौके पर भेजा गया। भारी पुलिस बल को देखकर ढाबा मालिक विरोध नहीं कर पाए। देखते ही देखते 2 जेसीबी की मदद से ढाबे को तोड़ दिया गया और चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि अवैध रूप से ढाबे का दोबारा निर्माण किया जाएगा, तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। डैमोलिशन टीम में नगर निगम के सहायक इंजीनियर सुनील भल्ला के अतिरिक्त भवन निरीक्षक राजेश कुमार व विकास अरोड़ा, क्लर्क अविनाश शर्मा तथा कुलदीप शामिल रहे।
































