बलड़ी बाईपास पर मेन होल को बंद करने के दिए आदेश। लापरवाही पर होगा निगम अधिकारीयों को नोटिस जारी
करनाल, आशुतोष गौतम (26 फरवरी) जन सुविधाओं की हालत जानने और पार्कों के रखरखाव को लेकर स्वच्छ भारत मिशन के वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र बुधवार को शहर के बलड़ी बाईपास, कर्ण पार्क और कर्ण ताल का औचक निरीक्षण किया। यहाँ पर कई कमियां मिली जिस पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुला कर तीन दिन में व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने बलड़ी बाईपास पर स्मार्ट सड़क की रोड साइड का निरीक्षण किया। यहाँ गीता द्वार के समीप सड़क के दोनों तरफ खड्डों में गन्दा पानी भरा हुआ था और झाडिय़ों का सम्राज्य पसरा था। इस पर सुभाष चंद्र ने जिला वन अधिकारी नरेश रंगा से फोन पर बात कर उन्हें रोड साईड को क्लियर करने और यहां नए पेड़ लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि यह शहर की मुख्य सड़क है, जिसकी सुंदरता पर करोड़ों रूपये खर्च हुए है, विभाग की थोड़ी सी लापरवाही सड़क की सुंदरता को ग्रहण लगा रही है। जिला वन अधिकारी ने वाईस चेयरमैन को आश्वाशन दिया की मुख्य नाले का खत्म होते ही इस समस्या को दूर कर यहाँ पौधरोपण किया जायेगा। इसके बाद सुभाष चंद्र ने कर्ण पार्क में जाकर यहाँ आम लोगों से पार्क की सुविधाओं पर फीड बैक लिया। पार्क में सफाई की हालत काफी खस्ता पाए जाने पर उन्होंने निगम के सफाई निरीक्षक को फटकार लगाते हुए कहा की पर्याप्त सफाईकर्मी होते हुए भी सफाई की खराब व्यवस्था आपकी कार्यशैली को दिखाती है। भविष्य में पार्क में प्रतिदिन सफाई होनी चाहिए इसके लिए उन्हें तीन दिन का नोटिस दिया जायेगा, नोटिस के बाद भी अगर हालत नहीं सुधरे तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। पार्क में आये लोगों ने चेयरमैन से पार्क में पीने के पानी की व्यवस्था करने की मांग की जिस पर उन्होंने निगम अधिकारियों से यहां स्वच्छ जल की टंकी लगाने के निर्देश दिए। ओपन एयर जिम की जो मशीने टूटी हालत में थी उन्हें ठेकेदार के द्वारा जल्द ठीक कराने को भी कहा। कर्ण ताल पार्क पहुंचे वाईस चेयरमैन को जहाँ शौचालय के दरवाजे और अन्य सामान टूटे मिले वहीं बिजली के डिब्बे भी खुले मिले जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना थी, सुभाष चन्द्र ने मौके पर बिजली विभाग के उपमंडल अधिकारी से इन्हे जल्द बंद करने और निगम से यहाँ भी पीने के पानी की व्यवस्था करने के लिए अधिकारियों को कहा। पार्क की दीवार का एक हिस्सा टुटा होने और फव्वारे के गंदे पानी के सवाल पर निगम अधिकारी कोई साफ़ जवाब नहीं दे पाए जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा की ये सभी कमियां उन लोगों की लापरवाही के कारण हैं अगर वे समय समय पर इन्हे चेक करते तो समस्या पैदा ही नहीं होती। स्थानीय निवासियों ने यहाँ सुरक्षा और ओपन एयर जिम की टूटी मशीनों को ठीक करने की बात कही जिसे जल्द दुरुस्त करने का आश्वाशन दिया। इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन स्टेट टास्क फ़ोर्स के सदस्य पवन कुमार, एडवाईजर सुभाष त्रेहन, एमई सुनील भल्ला, बागवानी विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेश त्यागी, सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा, संदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






























