करनाल में सोमवार को कोरोना के 62 पॉजिटिव मिले, 2 की मौत, जिले में अब तक मिले संक्रमित मरीजों की संख्या 1659
करनाल, 17 अगस्त (आशुतोष गौतम) : उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिला में सोमवार को 62 केस पोजिटिव पाए गए हैं। इनमें 12 केस एंटीजेन टैस्ट से तथा 50 केस आर.टी.पी.सी.आर. से पाए गए हैं। जबकि दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 39491 व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए, जबकि इनमें से 36920 की रिपोर्ट नेगिटिव आई है तथा 1659 मामले पोजिटिव है, जिनमें से 17 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है, 423 एक्टिव है तथा 1219 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। उपायुक्त ने जिलावासियों से कहा कि वह जरूरी कार्य के लिए ही बाहर निकलें, मास्क का प्रयोग करें, सोशल डिस्टैंसिंग का ध्यान रखें और अपने आपको निरंतर सैनिटाईजिंग करते रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना वायरस के बढ़ते केसों के दृष्टिगत प्रशासन सख्त है। जो व्यक्ति बिना मास्क के घर से बाहर निकलेगा, उसका 500 रूपये का चालान किया जाएगा। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति मिले जिसकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की है वह तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि उसके स्वास्थ्य की जांच की जा सके और लक्षण पाए जाने पर कोविड-19 का टैस्ट किया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिन लोगों में कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं पाये जाते है, उन्हें अस्पताल में रखने की बजाए नीलोखेड़ी के नजदीक स्थित गुरूकुल में स्थापित किये गए कोविड केयर सेंटर में रखा जाता है।
































