ऊना के विजय डोगरा बने ‘डॉ. विजय डोगरा’, विधि विषय में पीएचडी कर बढ़ाया जिले का गौरव. डॉ. रणधीर जसवाल, ऊना।कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति अटूट समर्पण का शानदार उदाहरण पेश करते हुए ऊना के विजय डोगरा ने करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर से विधि (लॉ) विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद अब वे डॉ. विजय डोगरा के नाम से जाने जाएंगे। उनकी सफलता से परिवार, मित्रों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।डॉ. विजय डोगरा ने अपना शोधकार्य डॉ. भूपेन्द्र कुमार जोधटा, प्रोफेसर एवं प्राचार्य, अवस्थी कॉलेज ऑफ लॉ, नालागढ़ तथा डॉ. सुरेश ठाकुर, डीन एवं प्रोफेसर, विधि विभाग, सी.टी. विश्वविद्यालय, लुधियाना के संयुक्त मार्गदर्शन में पूर्ण किया। उन्होंने अपनी शिक्षा राजकीय महाविद्यालय ऊना तथा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से प्राप्त की और अध्ययन के दौरान कई शैक्षणिक उपलब्धियां अपने नाम कीं।अपनी सफलता पर डॉ. विजय डोगरा ने कहा कि “सीखने की कोई उम्र नहीं होती। निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शोध-निर्देशकों, परिवार और मित्रों के सहयोग व प्रेरणा को दिया।उन्होंने अपनी पीएचडी अपने स्वर्गीय माता-पिता ईश्वर दुखिया एवं सावित्री देवी तथा दिवंगत छोटे भाई विनय शर्मा की पावन स्मृति को समर्पित करते हुए बड़े भाई अजय शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।डॉ. विजय डोगरा ने अपनी पत्नी मधु शर्मा, पुत्र दिव्यांशु डोगरा, ससुराल पक्ष, मित्र डॉ. नितिन धीमान, एम.पी. डोगरा, परिवारजनों, सहकर्मियों तथा सभी शुभचिंतकों का भी उनके निरंतर सहयोग और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।डॉ. विजय डोगरा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।































