एबीवीपी ने चलाया मतदाता जन जागरण अभियान
करनाल, आशुतोष गौतम। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रदेशभर में मतदाता जन जागरण अभियान के तहत शत प्रतिशत मतदान करवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही नोटा के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह निर्णय परिषद की ओर से कुरूक्षेत्र स्थित संस्कृत भवन गीता निकेतन में आयोजित प्रांत छात्र नेता बैठक में लिए गए। यह जानकारी देते हुए जिला संयोजक कुनाल आहलूवालिया ने कहा कि सभी अपने मत का देशहित में प्रयोग करें। एबीवीपी का लक्ष्य शत प्रतिशत मतदान कर 21 अक्तूबर को हरियाणा प्रदेश में एक राष्ट्रवादी, ईमानदार विचारों की सरकार चुनना है। एक ऐसी सरकार जो हमारे देशहित में निर्णय लेकर देश को प्रगति की ओर ले जा सके और भारत देश को विश्वगुरू का दर्जा दिलवा सके। उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं की भागीदारी होना जरूरी है। मतदान का अधिकार सबसे बड़ा अधिकार है। मतदान करने का मौका हमें पांच वर्ष में मिलता है। शत प्रतिशत मतदान से हम एक अच्छी सरकार का निर्माण कर सकते हैं। चुनाव में नए मतदाता जो पहली बार मतदान कर रहे हैं उन्हें सोच समझकर अपने मत का इस्तेमाल करना चाहिए और एक अच्छी सरकार बनाने में अपना अहम योगदान देना चाहिए। इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए।






























