बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन
ऊना (6 अक्तूबर)- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अंब के अंबेडकर भवन में 151 कन्याओं का पूजन किया गया। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कन्या पूजन के दौरान बच्चियों को उपहार व फल भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर विधायक बलबीर सिंह ने कहा कि नवरात्र में देवियों की अराधना की जाती है और कन्याएं देवी का रूप हैं। ऐसे में हम सभी को नवरात्र के इस पावन अवसर पर भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को समाज से मिटाने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बेटियां, बेटों की ही तरह अपने माता-पिता, प्रदेश तथा देश का नाम रौशन कर रही हैं। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या फिर खेलकूद का, हर क्षेत्र में लड़कियां लड़कों से आगे निकल रही हैं। नवरात्र के दौरान कन्या पूजन करने की आईसीडीएस विभाग की पहल की विधायक ने प्रशंसा की और कहा कि इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि आज लड़कियों के प्रति समाज की धारण बदल रही है और केंद्र तथा प्रदेश सरकार लड़कियों के कल्याण व उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं चला रही हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से किया जागरूक
कन्या पूजन कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया और लोगों को जागरूक किया। विधायक ने इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रशंसा की और कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इससे पहले जिला कार्यक्रम अधिकारी सतनाम सिंह ने कन्या पूजन में आने पर विधायक बलबीर सिंह को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम अंब तोरुल एस रवीश व आईसीडीएस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





























