भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और प्रस्तावित निर्माण स्थानों का किया दौरा
जसवाल, ऊना ( 19 जुलाई ) भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने रविवार को जिला मुख्यालय चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और प्रस्तावित निर्माण स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सत्ती ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशानिर्देश भी दिए। सत्ती ने बताया कि जिला मुख्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल के पास करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बहुद्देशीय भवन का निर्माण किया जाएगा। वहीं एमसी पार्क के समक्ष पुराने पशुपालन अस्पताल के स्थान पर एक करोड़ की लागत से बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण के लिए भी साइट का दौरा किया गया है। सत्ती ने निर्माणाधीन जिला सचिवालय की साइट का भी दौरा किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 29 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है। जिला मुख्यालय के विश्राम गृह को 3 करोड़ रुपए से एक्सपेंड किया जाएगा। वहीं सब्जी और फल मार्केट के निर्माण पर भी सवा करोड रुपए की लागत आएगी। सत्ती ने बताया कि जिला मुख्यालय के बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन पर 6 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। जबकि शहर के विभिन्न वार्डों में और क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पेयजल व्यव्यस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 2 करोड रुपए की लागत से विभिन्न वाटर सप्लाई स्कीमें स्थापित की जा रही हैं। जिनसे जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 10, 11 और 1 में पेयजल आपूर्ति को मजबूत किया जाएगा। जबकि अस्पताल में भी लंबे समय से चल रही पानी की कमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस ढाई साल के कार्यकाल के दौरान ऊना विधानसभा क्षेत्र में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने कांग्रेस की तमाम सरकारें मिलकर भी नहीं करवा सकी हैं। सत्ती ने कहा कि सत्ता में होते हुए जहां कांग्रेस विकास कार्य करवाने में नाकाम रही थी, वहीं विपक्ष की भी भूमिका निभाने में कांग्रेस बुरी तरह असफल रही है। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन खिसकती अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए कांग्रेस ओछे हथकंडे अपना रही है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हो पाएगी। इस दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ राजेश शर्मा नगर परिषद के विभिन्न पार्षद और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।































