खंड स्तरीय युवा उत्सव 4 नवंबर से
नीना गौतम कुल्लू, 2 नवंबर। युवा लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग 4 नवंबर से खंड स्तरीय युवा उत्सवों का आयोजन आरंभ करने जा रहा है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि विकास खंड कुल्लू का युवा उत्सव 4 नवंबर को बाशिंग के पंचायत भवन में होगा। विकास खंड नग्गर का युवा उत्सव 6 नवंबर को फोजल में और निरमंड का खंड स्तरीय युवा उत्सव 10 नवंबर को जाओं के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। आनी खंड का युवा उत्सव 12 को चवाई में और बंजार का खंड स्तरीय युवा उत्सव 16 नवंबर को पनिहार में होगा। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने बताया कि खंड स्तरीय युवा उत्सव में तीन विधाओं लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वाद्य संगीत की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी। लोकनृत्य दल में संगत करने वाले कलाकारों के अतिरिक्त अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। इसकी अवधि अधिकतम 15 मिनट होगी। लोकगीत की अधिकतम समयसीमा 7 मिनट होगी तथा इसके दल में अधिकतम 6 सदस्य हो सकते हैं। पारंपरिक वाद्य संगीत में अधिकतम 8 सदस्य हो सकते हैंए जबकि इसकी प्रस्तुति की अवधि 10 मिनट तक हो सकती है। विजय कुमार ने बताया कि खंड स्तर के विजेता दलों को जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।































