भाई बहन के प्यार का प्रतीक भैया दूज पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया
करनाल, आशुतोष गौतम (29 अक्तूबर) मंगलवार को भाई बहन के प्यार का प्रतीक भैया दूज पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर शहर के बाजारों में चहल-पहल रही। बाजारों में मिठाईयों की दुकानों पर भाईयों ने जमकर खरीदारी की। इस खास पर्व पर सुबह से ही तिलक लगवाने के लिए भाई-बहनों का एक दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। सुबह 6 बजे से ही भाई अपनी बहनों के घर तिलक करवाने के लिए रवाना हो गए थे। भाई ने अपनी बहनों के घर पर जाकर बहनों से तिलक करवाया और भाई ने अपनी बहन को उपहार भेंट किए। इस वजह से बसों और ट्रेनों में खासी भीड़ रही। हालांकि रोडवेज विभाग द्वारा आठ बसें अतिरिक्त चलाई गर्ई थी, लेकिन इसके बावजूद भी बस स्टैंड पर भीड रही। कुछ भाई निजी वाहनों से भी अपनी बहनों के घर तिलक करवाने के लिए पहुंचे।
भाईयों की लंबी उम्र के लिए बहनों ने रखा व्रत
सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4:48 बजे तक भैया दूज का शुभ मुहूर्त रहा। भाईयों ने अपनी बहनों के घर जाकर बहनों से तिलक करवाया। बहनों ने अपने भाईयों के लिए व्रत रखकर भाईयों की लंबी उम्र के लिए कामना की और भाईयों के बहनों को अपने हाथों से खाना खिलाकर उनका व्रत पूरा करवाया।
शहर के बाजारों में लगी रही चहल-पहल
भैय्यादूज त्यौहार के चलते शहर के बाजारों में चहल-पहल लगी रही। बाजार में लोगों ने जमकर मिठाइयों की खरीदारी की। नारियल की दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही। घरों में भी विशेष पकवान बनवाए गए है।
रोडवेज विभाग ने लगाई 8 बसें अतिरिक्त

मंगलवार को सुबह 6 बजे ही बहन भाईयों का एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हो गया था। करनाल के दोनों बस स्टैंड पर भी काफी भीड़ रही। भैया दूज के त्यौहार को देखते हुए रोडवेज विभाग द्वारा 8 बसें अतिरिक्त लगाई। ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।































