मिनर्वा पब्लिक स्कूल में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन
करनाल, आशुतोष गौतम (22 Nov) मानव जीवन भी क्रॉस कंट्री दौड़ की तरह ही है जीवन के संघर्ष में तमाम तरह की बाधाएं और आढ़े – तिरछे मोड़ आते ही हैं क्रॉस कंट्री रेस के धावक की तरह हमें जीवन की उन तमाम चुनौतियों को हराना है, उन पर विजय प्राप्त कर लक्ष्य तक पहुंचना है ना कि उन से डर कर मैदान छोडऩा है। ये उद्गार भाजपा नेता व हरियाणा ग्रन्थ अकादमी के उपाध्यक्ष डा. वीरेंद्र सिंह चौहान ने मिनर्वा पब्लिक स्कूल में आयोजित क्रॉस कंट्री रेस के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रकट किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन सुरेश गोयल ने की। अपने संबोधन में प्रो. चौहान ने भूतपूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम व वर्तमान प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के जीवन से विभिन्न उद्धरण देते हुए विद्यार्थियों कभी हार न मानने का सन्देश दिया । उन्होंने विधायाथियों को प्रेरित किया वे ऐसे विभिन्न महापुरुषों की जीवनियाँ पढ़ें, जिससे वे जानेंगे कि किस प्रकार ऐसे सभी लोगों ने अपने जीवन की दौड़ को विभिन्न अभावों, परेशानियों और कष्टों के बावजूद जीता और पूरी दुनिया के लिए अनुकरणीय प्रतिमान स्थापित किये। अपने उद्बोदन में भाजपा नेता वीरेंद्र चौहान ने विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों का आभार प्रकट किया कि वे सभी केवल पढाई पर ही ध्यान नहीं दे रहे अपितु समग्र विकास की दृष्टि से खेल के भी उचित अवसर विद्यार्थियों को उपलब्ध करा रहे हैं । पढ़ाई और खेल दोनों ही विद्यार्थी जीवन के प्रमुख अंग हैं जहाँ अध्ययन ज्ञान बढाता है वहीं खेल हारकर भी डटे रहने का जज्बा बढ़ाते हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रितु अरोड़ा, सचिव नवीन बंसल, कोषाध्यक्ष सोनू गर्ग, राजेश मित्तल, राम निवास, कमलेश व गगन उपस्थित थे ।

































