एचपीवी टीकाकरण से बच सकता है सर्वाइकल कैंसर, विशेषज्ञों ने छात्राओं व अभिभावकों को किया जागरूक बीएचटी न्यूज, ऊना।एसएसआरवीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना में रोटरी क्लब ऊना के सहयोग से गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर एवं ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव के उपायों तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। संगोष्ठी में लगभग 85 छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ.रामपाल, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ),बसदेहड़ा तथा डॉ पुष्पिंदर राणा,वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी, सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। विशेषज्ञों ने छात्राओं एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया और समय पर टीकाकरण करवाने का आग्रह किया।इस अवसर पर रोटरी क्लब ऊना ने एचपीवी टीकाकरण करवा चुकी छह छात्राओं वंशिका, समीक्षा, गरिमा, प्रियांशी, तन्वी राणा एवं साहिबजोत को सम्मानित कर उनके जागरूक और प्रेरणादायक कदम की सराहना की।कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऊना की ओर से श्रीमती शशि शर्मा, श्रीमती रीना वर्मा, महेंद्र वर्मा, अजय शर्मा,अश्वनी ऐरी, हरीश साहनी, राकेश कैलाश तथा प्रभजोत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।रोटरी क्लब के सदस्य सुमेश कुमार शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता पहल समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से चिकित्सकीय सलाह के अनुसार अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण करवाने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बृज बाला शर्मा ने रोटरी क्लब ऊना एवं दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों और अभिभावकों को सही जानकारी देकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि जो किशोरियाँ एचपीवी टीका लगवाने के लिए सहमति देंगी, उनके लिए विद्यालय परिसर में ही टीकाकरण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि उन्हें यह सुविधा सरलता से मिल सके।































