सीजीसी सदस्यों ने की नगर निगम संयुक्त आयुक्त से मुलाकात, सरकारी ठेकों की कार्य पद्धति में पारदर्शिता लाने की मांग
करनाल, आशुतोष गौतम ( 17 मार्च ) सिटीजंस ग्रीवेंसीज कमेटी की सड़क सुरक्षा एवं नगर स्वच्छता उप समिति ने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह से मुलाकात कर सरकारी ठेकों की कार्य पद्धति में पारदर्शिता लाने की मांग की। सीजीसी सदस्यों ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों को टेंडर निकाल कर ठेकेदारों द्वारा करवा रहा है। ऐसा देखने में आया है कि विकास कार्यों में उचित नियोजन तथा अपारदर्शी क्रियान्वयन के कारण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। तारकौल से बनाई जाने वाली सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही टूटनी शुरू हो जाती है। ठेकेदार टेंडर वर्क आर्डर में दिए गए मापदंडों के अनुसार सामग्री नहीं लगाते हैं। सीजीसी सदस्यों ने कहा कि बीते साल जुलाई में सीजीसी की ओर से नगर निगम को सुझाव पत्र दिया गया था। इनमें से किसी भी सुझाव पर नगर निगम अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया। सीजीसी का सुझाव है कि कार्यस्थल पर निर्माण कार्य की जानकारियां बोर्ड पर प्रकाशित की जानी चाहिए। इसमें कार्य का विवरण, ठेकेदार का नाम, खर्च की जाने वाली राशि, कार्य शुरू करने तथा पूरा होने का समय, कार्य से संबंधित ठेकेदारों व अधिकारियों के नाम और फोन नंबर आदि जानकारियां शामिल हों। सीजीसी चेयरमैन एसएम कुमार ने कहा कि आयुक्त के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि निगम के निर्माण कार्यो में पारदर्शिता लाने के लिए सभी कार्यों की जांच करवाई जाएगी तथा उस कमेटी में सीजीसी के सदस्यों को शामिल किया जाएगा। आयुक्त ने यह वादा आज तक पूरा नहीं किया। इस अवसर पर सलाहकार आरएन चानना, महासचिव आरके द्विवेदी, उप समिति के प्रधान केएल विरमानी, सचिव सोमदत्त सैनी, वाइस चेयरमैन केके पुरी, एमएस चंदेल, संजय बत्तरा व कोर्डिनेटर रजनीश चोपड़ा मौजूद रहे।
































