ओएसडी ने नारियल तोड़कर 30 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
करनाल, आशुतोष गौतम (19सितंबर) मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने आज वार्ड-8 में नगरनिगम मेयर रेणुबाला गुप्ता, पार्षद मेघा भंडारी व निगम के अधिकारियों के साथ 30 लाख के विकास कार्यों का नारियल तोड़कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर नगरनिगम की मेयर रेणुबाला गुप्ता एवं पार्षद मेघा भंडारी ने बताया कि वार्ड के सीनियर सिटीजन्स काफी लम्बे समय से वार्ड में छायादार हट्स, मल्टीटास्किंग सविंग्स एवं ओपन जिम की मांग कर रहे थे, जिसके चलते आज ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने सैक्टर-आठ में वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के लिए 7 नये छायादार हट्स एवं बच्चों के लिए नये किस्म के मल्टीटास्किंग सविंग्स निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा नगरनिगम मेयर रेणुबाला गुप्ता ने सैक्टर-6 के पार्क नौ व चार में ओपन जिम का शुरुआत की, जिससे वार्डवासियों को इसके सीधा-सीधा लाभ प्राप्त होगा। ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल द्वारा पूरे प्रदेश में एक समान रुप से विकास कार्य करवाए जा रहे है। आज चारो ओर प्रदेश में विकास कार्यों की बौछार लगी है। प्रदेश का कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां विकास कार्य नहीं करवाए गए हों। इस मौके पर पार्षद मेघा भंडारी ने वार्डवासियों की समस्याओं को दूर करने के लिए ओएसडी अमरेन्द्र सिंह एवं नगरनिगम मेयर श्रीमती रेणुबाला गुप्ता का आभार जताया। पार्षद मेघा भंडारी ने कहा कि वह वार्ड-आठ के लोगों की समस्याओं को पूर्ण रुप से समाधान करवाने के लिए प्रयासरत्त हैं। जल्द ही वह वार्ड में ओर अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करवाएंगी। इस अवसर पर टैगोर वेलफेयर एसोसिएशन के सभी सदस्य, सीनियर सिटीजन्स व वार्ड गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



































