आईआई में पहुंची एनसीसी कैडेटस साइकिल रैली को बतौर मुख्यअतिथि हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
करनाल, आशुतोष गौतम (25 सितंबर)
स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त भारत समय की मांग भी है और जन-जन की जरूरत भी। जिस तरह से आज एनसीसी कैडेटस ने साइकिल रैली निकालकर स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया है वह सही मायनों में प्रशंसनीय ही नही अनुकरणीय और वंदनीय भी है। प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के इस अभियान में सभी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों के अलावा सभी को जुड़ना चाहिए। प्रत्येक भारतीय नागरिक का सहयोग व सहभागिता इसमे बहुत जरूरी है। यह कहना है घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण का। वे मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश लेकर 20 सितंबर से लेह से शुरू होकर 29 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचने वाली साइकिल रैली का करनाल आईटीआई के प्रांगण में स्वागत के बाद एनसीसी कैडेटस को प्रेरित कर रहे थे। करनाल स्थित आईटीआई संस्थान में 7 वीं हरियाणा बटालियन एनसीसी कैडेटस करनाल ने इस साइकिल रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वच्छता व पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से करनाल स्थित आईटीआई संस्थान में रुकी इस साइकिल रैली को बतौर मुख्यअतिथि घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कल्याण ने कहा कि कोई भी कार्य हो वह समाज की सहभागिता के बिना अधूरा है, लेह से शुरू होकर नई दिल्ली पहुंचने वाली यह साइकिल रैली निश्चित रूप से बहुत लोगों को गहरी सीख देगी। बड़े गर्व, खुशी व हर्ष की बात है कि देश के एनसीसी कैडेटस ने स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त भारत के जागरूकता मिशन को घर- घर तक पहुंचाने के लिए मन में ठानी है, वैसे भी बहुत पुरानी कहावत है कि इंसान जब किसी अच्छे लक्ष्य के बारे में मन से ठान लेता है तो प्रकृति भी उसकी मदद करती है। इस पुनीत कार्य में समाज, शिक्षण, प्रशिक्षण संस्थानों की जितनी सहभागिता बढ़ेगी ,यह मिशन उतना अधिक सफल होगा। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आग्रह किया कि सभी अपने- अपने स्तर पर स्वच्छता व पर्यावरण के प्रति ना केवल सजग हों बल्कि जागरूकता की इस कड़ी में अहम भूमिका निभाकर समाज के सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने के कर्तव्य का गंभीरता से निवर्हन करें। श्री कल्याण ने बतौर मुख्यअतिथि हरी झंडी दिखाने से पहले साइकिल रैली में हिस्सा लेने वाले एनसीसी कैडेटस का हाथ मिलाकर हौंसला बढ़ाते हुए अपने पुराने एनसीसी के दिनों की यादें भी ताजा की, एनसीसी कैडेटस के बारे में जाना और उन्हें स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे पावन मिशन को जागरूक व संकल्पित मिशन बनाने के लिए बधाई दी। मौके पर कर्नल संदीप नैन, लेफ्टिनेंट कर्नल कुलदीप कुमार, आईटीआई प्रिंसिपल बलदेव सिंह सगवाल, एनसीसी एसोसिएट प्रोफेसर मलखान सिंह सहित कई मान्यजन उपस्थित थे।































