रामलीला मैदान में दंगल का आयोजन चार अक्तूबर से
करनाल, आशुतोष गौतम (3अक्तूबर)
श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से विजय दश्मी के उपलक्ष्य में दंगल का आयोजन रामलीला मैदान में चार अक्तूबर से किया जाएगा। देशभर के पहलवान दंगल में जोर आजमाइश करने के लिए शुक्रवार से करनाल पहुंचेंगे। दावा है कि उत्तर भारत का यह सबसे बड़ा दंगल होगा। राम व्यायामशाला में आयोजित बैठक में प्रधान रामधन कांबोज व रामचंद पाला पहलवान ने बताया कि पिछले 71 सालों से हर वर्ष दंगल का आयोजन किया जाता है। इस बार यह आयोजन चार से छह अक्तूबर तक किया जाएगा। तीनों दिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक पहलवान कुश्ती में दमखम दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि गुर्ज की कुश्ती आकर्षण का केंद्र होगी। सभी मुकाबले मैट पर होंगे। भारत सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में योगदान देते हुए महिलाओं को खेलों में आगे लाने के लिए महिला पहलवानों के बीच भी कुश्ती के मुकाबले करवाए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि चार अलग-अलग कैटेगरी में कुश्ती के मुकाबले खेले जाएंगे। अंडर-55, अंडर-65, अंडर-75 व अंडर-85 आयु वर्ग में पहलवान जोर आजमाइश करेंगे। गुर्ज की कुश्ती के विजेताओं को भारी ईनाम दिए जाएंगे। इस अवसर पर वेद प्रकाश पहलवान, रामचंद पाला पहलवान, फूल सिंह, राजिंद्र कुमार नंबरदार, राकेश चौधरी, नर सिंह, बलवान सिंह लाठर, कृष्ण कुमार, मान सिंह नंबरदार, इंद्री सिंह, सतीश कुमार, राजकुमार, रमेश लाठर, अशोक कुमार, सुरेश कुमार व मदन लाल मौजूद रहे।

































