अपोलो इंटरनेशनल स्कूल में राज्यस्तरीय क्यू इंडिया क्विज प्रतियोगिता आयोजित
वर्ग-1 में अपोलो स्कूल के शोर्य प्रथम व प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल का हर्ष ने पाया दूसरा स्थान
करनाल, आशुतोष गौतम (3 अक्तूबर) दादूपुर खुर्द स्थित अपोलो इंटरनेशनल स्कूल में पहले राज्यस्तरीय क्यू इंडिया क्विज प्रतियोगिता के अंतिम चरण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एक्स चीफ सेक्रेटरी हरियाणा धर्मवीर सिंह ने मुख्यातिथि शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता अपोलो इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राहुल गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। स्कूल की कोऑर्डिनेटर मानसी शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय स्वतंत्रता के इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित थी। इस प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रथम वर्ग में कक्षा 5वीं से सातवीं, द्वितीय वर्ग में कक्षा 8वीं से 10वीं तथा तृतीय वर्ग में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र एवं छात्राओं ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का प्रथम चरण 9 अगस्त से 27 अगस्त तक हरियाणा राज्य के विभिन्न स्कूलों में अपोलो इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित करवाया गया, जिसमें हरियाणा के 10 जिलों के लगभग 10 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 300 छात्र एवं छात्राओं का चयन द्वितीय चरण के लिए किया गया। मंच संचालन शिव शर्मा एवं अमन त्यागी ने किया। मुख्यातिथि धर्मवीर सिंह ने कहा कि समय-समय पर स्कूल की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आ सके। प्रिंसिपल ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य बच्चों को हमारे फ्रीडम फाइटर के विषय में जानकारी प्रदान करना था। स्कूल के प्रांगण में इन छात्र एवं छात्राओं के बीच अंतिम चरण के लिए पहले लिखित परीक्षा हुई, उसके बाद प्रत्येक वर्ग के 6 बच्चों का अंतिम चरण के लिए चयनित सभी स्कूल के बच्चों, अभिभावकों एवं अध्यापक और अध्यापिकाओं के समक्ष किया गया। अंतिम चरण में प्रतियोगिता को दो चरणों में विभाजित किया गया, जिसमें प्रथम चरण में क्विज मास्टर प्रांजल शर्मा द्वारा प्रत्येक कैंडिडेट से दो-दो प्रश्न पूछे गए तथा द्वितीय चरण बजर चरण था, जिसमें नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान था। प्रतियोगिता के अंत में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आए बच्चों को लैपटॉप ,साइकिल और इको डॉट देकर सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर एआईएस राजौंद के प्रिंसिपल रोमित शर्मा, एआईएस बरी प्रिंसिपल प्रोमिता मिश्रा, एडमिन एआईएस करनाल महेश पांडेय सहित सभी स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
वर्ग-1 में अपोलो इंटरनेशनल स्कूल के शोर्य शर्मा प्रथम, प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल पानीपत का हर्ष द्वितीय, एमएम इंटरनेशनल स्कूल हिसार का साहिल तीसरे स्थान पर रहा।
वर्ग-2 में अग्रसेन पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र के अरमान प्रथम, जेपीएस असंध से निशा द्वितीय व मॉडल स्कूल रोहतक से हार्दिक तृतीय स्थान पाया।
वर्ग-3 में अग्रसेन पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र की मिष्ठी प्रथम, आर्यन ग्लोबल स्कूल पानीपत की स्नेहा द्वितीय व जेपीएस असंध की साक्षी तृतीय स्थान पाया।

































