एनएसएस शिविर के चौथे दिन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन हुआ
BHT news,ऊना: डीएवी सेनटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में सात दिवसीय एनएसएस शिविर के चौथे दिन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया गया। एनएसएस प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। सुरेन्द्र शर्मा ने पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए स्वयंसेवकों को अपना सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने हेतु कम्प्यूटर प्रवक्ता रामकुमार धीमान ने साइबर सुरक्षा पर जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को जानकारी देते हुए कहा कि आज का युग डिजिटल युग है। मोबाइल, इंटरनेट हमारे जीवन शैली का अभिन्न अंग बन चुके हैं, लेकिन ऑनलाइन ठगी, हैकिंग, डाटा चोरी, सोशल मीडिया अकाउंट हैक होना यह साइबर अपराध हैं। इसके लिए नागरिकों का जागरूक होना अति आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को समझाया कि कभी पासवर्ड सांझा ना करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें। प्राचार्य आरएल पाठक ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता ही साइबर सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। छात्र स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आप तकनीक का उपयोग समझदारी और जिम्मेदारी से करें।




























