विद्यार्थी विज्ञान में ढूंढें आम समस्याओं के हल- डा. ऋचा
नीना गौतम कुल्लू, 04 नवंबर। जिलाधीश डा. ऋचा वर्मा ने विद्यार्थियों से आम जनजीवन में वैज्ञानिक सोच अपनाने और अपने आस.पास की समस्याओं के हल विज्ञान में ही ढूंढने की अपील की है। डा. ऋचा वर्मा मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढालपुर में आयोजित किए जा रहे 27वें जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन के उदघाटन अवसर पर बाल वैज्ञानिकों को संबोधित कर रही थीं। राज्य विज्ञान,प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस तीन दिवसीय सम्मेलन में कुल्लू जिला के सभी खंडों के लगभग 172 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का मुख्य विषय विज्ञान,प्रौद्योगिकी एवं नवोन्मेष से स्वच्छ,हरित एवं स्वच्छ राष्ट्र का निर्माण रखा गया है। सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जिलाधीश ने कहा कि सिर्फ विज्ञान पढऩे से ही वैज्ञानिक सोच विकसित नहीं होती है, बल्कि विज्ञान तो हमारी आम दिनचर्या का बहुत ही महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि विज्ञान पढऩे का मकसद सिर्फ डाक्टर या इंजीनियर बनना ही नहीं होना चाहिए। विद्यार्थी विज्ञान के विभिन्न विषयों में महारत हासिल करके तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अविष्कार करके देश और संपूर्ण मानवता के लिए बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। भारतीय विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस दिशा में अवश्य कार्य करना चाहिए, क्योंकि हमारे देश में अभी भी इसकी कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान सम्मेलन जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक अच्छा मंच मिलता है और इस वर्ष के सम्मेलन का विषय बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से हम अपने आस-पास पर्यावरण से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर नई पहल कर सकते हैं। इस अवसर पर स्थानीय पाठशाला के प्रधानाचार्य भीम कटोच और जिला विज्ञान पर्यवेक्षक जूही चड्ढा ने जिलाधीश का स्वागत किया तथा बाल विज्ञान सम्मेलन के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद जिलाधीश ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन भी किया। इस मौके पर आईआईटी मंडी के वैज्ञानिक डा.शुक्ला, डा.अर्थ पवार,जीबी पंत पर्यावरण संस्थान मौहल के वैज्ञानिक डा.शिव पाल.डा. उषा.डा.पूजा अन्य शिक्षाविद, मंगलौर स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कुमार,विज्ञान अध्यापक संघ के पदाधिकारी सिकंदर और विभिन्न स्कूलों के शिक्षक भी उपस्थित थे।


































